लखनऊ : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पतंजलि योग समिति, गंगागंज, लखनऊ द्वारा मिनी स्टेडियम गंगागंज में विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे, एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह एवं एमएलसी अंगद सिंह की गरिमामयी उपस्थिति तथा पतंजलि योग समिति गंगागंज के अध्यक्ष नागेश कुमार के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के स्वामी अभिषेक देव एवं आचार्य लोकेंद्र के उद्बोधन से हुआ। पद्मश्री सम्मानित प्रगतिशील किसान रामसरन वर्मा का स्वागत किया गया। योग प्रशिक्षक ओंकार नाथ सिंह ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों को योग और प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा इसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।

शिविर में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में अखिल भारत नागरिक परिषद की महामंत्री रीना त्रिपाठी ने टीम सहित, अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
एमएलसी अवनीश कुमार सिंह एवं अंगद सिंह ने सफल आयोजन के लिए पतंजलि योग समिति गंगागंज और उनकी टीम को बधाई दी। वक्ताओं ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और “योग भगाए रोग” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।












