महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सम्मान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई “मुख्यमंत्री मावां-धीआं सत्कार योजना” को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आज दूसरे दिन भी जंडियाला गुरु स्थित इंदर फार्म में महिला सत्कार सखियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण के दौरान सखियों को योजना के दिशा-निर्देशों, पात्रता मानदंडों, आवेदन प्रक्रिया तथा लाभार्थियों के पंजीकरण संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के पहले दिन 13 जून को जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र के 110 बूथों से संबंधित महिला सत्कार सखियों को प्रशिक्षण दिया गया था, जबकि आज शेष 106 बूथों की सखियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर पंजाब के लोक निर्माण मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने विशेष रूप से शिरकत की और प्रशिक्षण प्राप्त कर रही सखियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से यह ऐतिहासिक योजना शुरू की गई है।

कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि इस योजना के तहत पात्र सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह तथा अनुसूचित जाति (एस.सी.) वर्ग से संबंधित पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत वित्तीय सहायता का वितरण 1 जुलाई 2026 से शुरू किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि योजना को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए पंजाब सरकार द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में महिलाओं ने महिला सत्कार सखी के रूप में अपनी सेवाएं देने की इच्छा व्यक्त की थी, जिसके मद्देनजर उन्हें योजना के प्रत्येक पहलू से संबंधित तकनीकी और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों और सुपरवाइजरों ने महिला सत्कार सखियों को आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया, पात्रता शर्तों, आवश्यक दस्तावेजों, लाभार्थियों की पहचान तथा पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सखियों को यह भी बताया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र महिलाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने और उन्हें योजना से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
लोक निर्माण मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब सरकार ने जनता से किए गए वादों और गारंटियों को एक-एक करके पूरा किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मावां-धीआं सत्कार योजना सरकार की महत्वपूर्ण गारंटियों में से एक थी, जिसे अब धरातल पर लागू किया जा रहा है। इस योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से बड़ा सहारा मिलेगा और वे अपने परिवारों की आर्थिक मजबूती में और अधिक प्रभावी योगदान दे सकेंगी।
उन्होंने महिला सत्कार सखियों से अपील की कि वे पूरी लगन, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचे। इस अवसर पर विभाग के अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, सुपरवाइजर, महिला सत्कार सखियां तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।












