मनोरंजन नौकरी टेक्नोलॉजी योजना ऑटोमोबाइल व्यापार खेल राजनीति बैंकिंग जीवनशैली

वीवीआईपी बंगले पर बड़ा खेलः राबड़ी देवी को खाली करना होगा 10 सर्कुलर रोड आवास, बिहार सरकार ने जारी किया आदेश

On: May 30, 2026 7:45 AM
हमें फॉलो करें:
--विज्ञापन यहां--

बिहार (अफ़ज़ल इमाम )। बिहार में राजधानी पटना का चर्चित 10 सर्कुलर रोड बंगला एक बार फिर राजनीतिक हलकों में चर्चा का केंद्र बन गया है। राज्य में लम्बे वक्त तक बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान में बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का राजनीतिक ठिकाना रहा यह सरकारी आवास अब डेयरी, मत्स्य पालन व पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया गया है। भवन निर्माण विभाग के नए आदेश के बाद इस ऐतिहासिक बंगले में नए मंत्री के शिफ्ट होने की तैयारी शुरू हो गई है।

सरकारी आवास के नए आवंटन से पूर्व ही भवन निर्माण विभाग की ओर से राबड़ी देवी को बंगला खाली करने का नोटिस जारी किया जा चुका है। भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकार की मंजूरी के बाद यह आवास आवंटन किया गया है। आदेश पर संयुक्त सचिव-सह-भू-संपदा पदाधिकारी के हस्ताक्षर भी हैं। विभाग ने इस आदेश की कॉपी मुख्यमंत्री सचिवालय, मंत्रिमंडल सचिवालय और संबंधित विभागों को भी भेज दी है। अब आवास हस्तांतरण और अन्य औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। राबड़ी देवी फिलहाल बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं और 20 वर्षों से इसी सरकारी आवास में रह रही थीं। राजधानी पटना का 10 सर्कुलर रोड सिर्फ एक सरकारी आवास नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति का अहम केंद्र माना जाता रहा है। राजद की कई बड़ी राजनीतिक बैठकों और रणनीतियों का गवाह यह बंगला वर्षों से सत्ता और विपक्ष दोनों के लिए चर्चा का विषय रहा है।

बिहार सरकार की ओर से राबड़ी देवी को राजधानी पटना के ही हार्डिंग रोड इलाके में 39 नंबर नया सरकारी बंगला आवंटित किया गया है। विभाग का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर नया आवास तैयार किया गया है। भवन निर्माण विभाग के मुताबिक, मंत्री पद की गरिमा और आवासीय श्रेणी के तहत 10 सर्कुलर रोड का यह बंगला नंदकिशोर राम को आवंटित किया गया है। सरकार का कहना है कि यह प्रक्रिया पूरी तरह प्रशासनिक नियमों के तहत की गई है और इसमें किसी तरह की राजनीतिक मंशा नहीं है। बंगले के इस फेरबदल के बाद पटना के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों के बीच इसे लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारी इसे सामान्य प्रक्रिया बता रहे हैं और जल्द ही नए आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने की बात कह रहे हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि राबड़ी देवी का परिवार नए आवास में कब शिफ्ट होता है और मंत्री नंदकिशोर राम कब 10 सर्कुलर रोड के बंगले में प्रवेश करते हैं। राजनीतिक रूप से अहम माने जाने वाले इस बंगले का नया आवंटन बिहार की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है।

इस मामले पर राजद के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा है कि यह आवास लगभग 20 वर्षों से अधिक समय से राबड़ी देवी के नाम पर आवंटित था, लेकिन अब अचानक इसे किसी अन्य के नाम पर दे दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थिति आ गई है, जब बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को आवास खाली करने का नोटिस दिया जा रहा है। उन्होंने एनडीए सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के लोग अपनी ताकत का प्रदर्शन करना चाहते हैं। उनका कहना था कि यह निर्णय नहीं, बल्कि सत्ता के दबाव में लिया गया कदम है। राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने यह भी कहा कि राबड़ी देवी और उनकी पार्टी को जानबूझकर अपमानित करने के उद्देश्य से यह आवंटन किया गया है। उन्होंने इसे ओछी और घृणित राजनीति करार दिया है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment