पंजाब नितिन : पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार शरारती तत्वों को काबू करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माहिलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शहीदां रोड माहिलपुर पर एक कपड़े की दुकान पर फायरिंग करके दुकान मालिक को गंभीर रूप से घायल करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एस.एस.पी. होशियारपुर संदीप कुमार मलिक आई.पी.एस. के दिशा-निर्देशों और डी.एस.पी. गढ़शंकर भारत भूषण के निर्देशों के अनुसार इंस्पेक्टर रमनदीप कौर, मुख्य अधिकारी थाना माहिलपुर की देखरेख में की गई।
जानकारी के अनुसार दिनांक 18 सितंबर 2026 को शाम करीब 7 बजे स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने शहीदां रोड माहिलपुर पर कपड़े की दुकान के अंदर आकर दुकान मालिक जसवीर चंद पुत्र योग राज निवासी गज्जर पर फायरिंग कर दी थी। जिससे दुकान मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया था। दुकान मालिक के बयानों पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ थाना माहिलपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी स्रोत और खुफिया स्रोत लगाकर वारदात को ट्रेस किया और वारदात को अंजाम देने वाले दोनों दोषियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मनजोत सिंह उर्फ जोता पुत्र सुरजीत सिंह निवासी बिहाला, थाना चब्बेवाल, जिला होशियारपुर और साहिल उर्फ शैली पुत्र राज कुमार निवासी जट्टपुर, थाना चब्बेवाल, जिला होशियारपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी मनजोत सिंह उर्फ जोता के पास से एक 30 बोर पिस्टल सहित मैगजीन (मेड़ इन इटली) और 04 जिंदा रौंद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों का रिमांड हासिल करके गहराई से पूछताछ की जा रही है।





