
लखनऊ, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए गए विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर ने महानगर के सभी 2505 बूथों पर वृहद स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान बूथ अध्यक्षों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में पहुंचकर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन कराने तथा पता परिवर्तन जैसी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर और क्षेत्रवार संपर्क कर लोगों को मतदाता पुनरीक्षण के महत्व से अवगत कराया। साथ ही, अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को आवश्यक प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित किया, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के विशेष अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पार्टी कार्यकर्ताओं ने सभी 2505 बूथों पर सक्रिय सहभागिता की। बूथ अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों ने नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए उन्हें अपने नाम और विवरणों की जांच करने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के साथ ही सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करना है।
अभियान के दौरान फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने, फॉर्म-7 के माध्यम से नियमानुसार नाम हटाने तथा फॉर्म-8 के जरिए मतदाता विवरण में संशोधन, पता परिवर्तन एवं अन्य अनुमन्य सुधारों की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन होना आवश्यक है। प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहते हुए मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांचना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के विशेष अभियान में जनभागीदारी बढ़ाना और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना महत्वपूर्ण है।








