पंजाब मानसा नितिन : परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह ने मानसा के एसएसपी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उनके तत्काल तबादले की मांग की है। भीम सिंह ने इस संबंध में एक वीडियो जारी किया है, जिसके बाद मामले को लेकर माहौल फिर गरमा गया है। परिवार लगातार झोटा हत्याकांड में इंसाफ की मांग कर रहा है। अब परिवार ने पुलिस प्रशासन के कामकाज पर भी नाराजगी जताई है।
भीम सिंह ने वीडियो में ऐलान किया कि परिवार एसएसपी की मौजूदगी में राज्य सरकार की ओर से बातचीत के लिए गठित कमेटी के साथ होने वाली बैठकों में शामिल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जब भी सरकार की कमेटी ने उन्हें बातचीत के लिए बुलाया, वे जरूर पहुंचे। लेकिन प्रशासन के साथ बैठकों के दौरान परिवार के साथ अपमानजनक व्यवहार किया जाता रहा। उन्होंने कुछ अधिकारियों को निलंबित किए जाने पर भी सवाल उठाए और मांग की कि निलंबन के आदेशों की प्रतियां परिवार को उपलब्ध करवाई जाएं।
भीम सिंह ने आरोप लगाया कि अब तक की गई कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की भूमिका की गहराई से जांच करवाने की मांग की। साथ ही, उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान एसएसपी की मौजूदगी परिवार और धरने पर बैठे लोगों को स्वीकार नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की कमेटी कोई फैसला लेने से पहले संघर्ष में शामिल अन्य सदस्यों के साथ विचार-विमर्श करे। भीम सिंह ने कहा कि परिवार इस मामले को लंबा नहीं खींचना चाहता, लेकिन उसे इंसाफ मिलना चाहिए।







