कौशलपरक शिक्षा से महिलाएं विकसित भारत में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें : एस सी पाढ़ी, अपर महानिदेशक, रेलवे सुरक्षा बल
लखनऊ : कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय भारत सरकार के गोमती नगर स्थित जन शिक्षण संस्थान द्वारा महिला सशक्तिकरण अभियान को गतिमान करते हुए रेलवे सुरक्षा विशेष बल तृतीय वाहिनी परिसर में निवास करने वाले सुरक्षा बलों के 20 महिला परिजनों हेतु आयोजित किए गए असिस्टेंट कंप्यूटर ऑपरेटर प्रशिक्षण की सफल महिलाओं व किशोरियों को बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे रेलवे सुरक्षा बल के अपर महानिदेशक शरत चंद्र पाढ़ी ने प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

महिलाएं विकसित भारत की नींव हैं वे अपनी अन्दर छिपी प्रतिभा को पहचाने और सरकार के कौशल प्रशिक्षण केन्द्रों से हुनरमंद बन विकसित भारत अभियान में अपनी सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करें। इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा विशेष बल के महानिरिक्षक सुमति शांडिल्य ने कहा कि कंप्यूटर प्रशिक्षण इन महिलाओं के वरदान साबित होगा इससे उनका आत्मविश्वास तो बढ़ेगा ही साथ ही उन्हें रोजगार के नए श्रोत भी सुलभ होंगे।

संस्थान के निदेशक अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि भारत के पाठ्यक्रम के अनुरूप इन महिलाओं को 360 घंटे का कंप्यूटर का बेसिक से सामान्य प्रशिक्षण प्रदान किया गया जोकि इनके आय सृजन में लाभकारी सिद्ध होगा। इसके पूर्व भी संस्थान द्वारा परिसर में असिस्टेंट ड्रेस मेकर, ब्यूटी केयर असिस्टेंट, चिकनकारी प्रशिक्षण में 60 महिलाओं दक्ष किया गया था। कार्यक्रम में मॉडर्न कोच फैक्ट्री रायबरेली के महानिरिक्षक रमेश चंद्र ने महिलाओं को आत्मनिर्भता की सीख दी।

कार्यक्रम में जगजीवन राम रेलवे सुरक्षा बल अकादमी के सेवानिवृत महानिरिक्षक राजाराम ने महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन रेलवे सुरक्षा विशेष बल के सैन्य सहायक एन एन चौबे तथा समन्वयन संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी पन्नालाल ने किया। इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल के अनेक अधिकारी व सुरक्षा बल उपस्थित थे।