मनोरंजन नौकरी टेक्नोलॉजी योजना ऑटोमोबाइल व्यापार खेल राजनीति शिक्षा बैंकिंग जीवनशैली अपराध

वोट चोरी करने वालों को बचा नहीं पाएंगे मोदी-शाह, दिल्ली रवाना होते ही तेजस्वी यादव ने उठाए सवाल

On: October 12, 2026 5:19 AM
हमें फॉलो करें:

ad copy

बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। राष्ट्रीय जनता दल यानी राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव रविवार को राज्य की राजधानी पटना से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए रवाना हुए। वह दिल्ली के सुप्रीम कोर्ट पर आयोजित विपक्षी दलों के प्रदर्शन में शामिल होंगे। राजधानी पटना स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार, भाजपा, आरएसएस और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर जमकर निशाना साधा है।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस के साथ आरएसएस के लोगों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता पूरे घटनाक्रम को देख रही है और इस तरह की कार्रवाई से लोकतंत्र की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सवाल उठाते हुए तेजस्वी यादव ने चुनाव में कथित गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोप दोहराए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चाहे जितनी कोशिश कर लें। लोकतंत्र को कमजोर करने और चुनाव में कथित षड्यंत्र रचने वालों को बचाया नहीं जा सकेगा।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति पैदा की जा रही है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति को बचाने के लिए पूरी दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। उनके अनुसार, प्रदर्शनकारियों के साथ-साथ पत्रकारों और विपक्षी नेताओं को भी हिरासत में लिया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का मुद्दा उठाते हुए तेजस्वी यादव ने सवाल किया कि जब लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना नागरिकों का अधिकार है, तो प्रदर्शनकारियों और विपक्षी नेताओं को रोका क्यों जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया, ’पुलिस बल कम पड़ गया है, इसलिए भाजपा वाले आरएसएस के लोगों को उतार रहे हैं।’ तेजस्वी यादव ने प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार पर भी सवाल उठाए और कहा कि उन्हें न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने दिल्ली पुलिस के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की बात का भी उल्लेख किया। नमो सरकार के केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की प्रदर्शनकारियों को लेकर की गई टिप्पणी पर भी तेजस्वी यादव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले लोगों के साथ अनुचित व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए। तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार और भाजपा की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध करने वालों की आवाज दबाने के बजाए उनकी बात सुनी जानी चाहिए।

तेजस्वी यादव ने देश के नागरिकों से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार ट्रेन, मेट्रो, विमान या सड़क मार्ग से आवागमन बाधित करने की कोशिश करे, फिर भी लोग अपनी आवाज उठाना बंद नहीं करेंगे। दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान तेजस्वी यादव चुनावी प्रक्रिया, कथित वोट चोरी और प्रदर्शनकारियों के साथ हुई कार्रवाई के मुद्दे उठाएंगे। बता दें कि, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में देशभर से विपक्षी नेता एक जुट हो कर 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट पर आयोजित विपक्षी दलों के प्रदर्शन में शामिल होंगे। विपक्षी दलों के नेता की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर रोक लगाने की मांग शामिल है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

फेसबुक से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment