लखनऊ – योगी सरकार के सीएम डैशबोर्ड ने अप्रैल माह की रैंकिंग जारी कर दी है। इसमें 75 जिलों के प्रदर्शन का आकलन किया गया है। इस रैंकिंग में महराजगंज ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अयोध्या जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा। खास बात यह है कि टॉप-10 में अयोध्या मंडल के तीन जिले शामिल हैं, जो इस क्षेत्र की विकास योजनाओं और प्रशासनिक दक्षता को दर्शाते हैं। इस ऑनलाइन पोर्टल का उद्देश्य विभिन्न जिलों के प्रदर्शन को स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून व्यवस्था और अन्य सरकारी योजनाओं के आधार पर मूल्यांकन करना है। सीएम डैशबोर्ड उत्तर प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जो जिलों की प्रगति को मॉनिटर करने के लिए बनाया गया है। यह पोर्टल विभिन्न मापदंडों जैसे स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा की गुणवत्ता, कानून व्यवस्था के बुनियादी ढांचे, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर आधारित है।
अयोध्या मंडल के इन जिलों को मिला स्थान
अप्रैल माह की रैंकिंग में महराजगंज ने अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वहीं अयोध्या मंडल के तीन जिलों ने रैंकिंग में स्थान पाया है, जिसमें अयोध्या जिले के बाद अम्बेडकरनगर चौथे, बाराबंकी सातवें स्थान पर शामिल है। मंडल के तीन जिलों का टॉप-10 में होना क्षेत्रीय प्रशासन की सक्रियता और समन्वय को दर्शाता है। इस रैंकिंग में कानपुर जिला दसवें स्थान पर रहा।
टॉप टेन जिलों की सूची जिला-प्राप्तांक
1-महराजगंज-96.30
2-अयोध्या-93.50
3-मऊ-93.10
4-अम्बेडकरनगर-92.40
5-गाजियाबाद-92.40
6-मीरजापुर-92.00
7-बाराबंकी-91.90
8-झांसी-91.70
9-पीलीभीत-91.30
10-कानपुर-91.00
नोट-आंकड़े प्रतिशत में हैं।
जानिए, क्या है सीएम डैशबोर्ड
सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से योगी सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक जिले में योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस डैशबोर्ड को प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही का एक महत्वपूर्ण उपकरण बताया है। उनके अनुसार, यह पोर्टल न केवल जिलों के प्रदर्शन को मापता है, बल्कि कमियों को उजागर कर सुधार के लिए दिशा-निर्देश भी प्रदान करता है।
अधिकारी व कर्मचारियों की मेहनत का नतीजा: जिलाधिकारी
अयोध्या के जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का नतीजा है। उन्होंने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया। अप्रैल की इस रैंकिंग ने एक बार फिर साबित किया कि उत्तर प्रदेश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है अयोध्या।
बाराबंकी के जिलाधिकारी ने व्यक्त की प्रसन्नता
बाराबंकी के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में जिले की उल्लेखनीय प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों से बाराबंकी ने विकास कार्यों में सातवीं रैंक हासिल की है। यह उपलब्धि हमारी टीम की कड़ी मेहनत और जनता के सहयोग का परिणाम है। हम भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि बाराबंकी विकास के पथ पर और आगे बढ़े।