मनोरंजन नौकरी टेक्नोलॉजी योजना ऑटोमोबाइल व्यापार खेल राजनीति शिक्षा बैंकिंग जीवनशैली अपराध

बिहार के भागलपुर में भाजपा नेता उमा भूषण तांती हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, साजिशकर्ता वार्ड पार्षद दीपिका कुमारी गिरफ्तार, शशि मोदी व कृष्णा मोदी की तलाश तेज

On: September 15, 2026 5:18 AM
हमें फॉलो करें:
ad copy

बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार के भागलपुर में 53 वर्षीय भाजपा नेता उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम यानी एसआईटी को पहली बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एसआईटी में शामिल महिला पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने हत्याकांड की साजिश रचने के आरोप में वार्ड संख्या-51 की वर्तमान वार्ड पार्षद दीपिका कुमारी को कुतूबगंज से गिरफ्तार कर लिया है। दीपिका कुमारी इस हत्याकांड के मुख्य नामजद आरोपी पूर्व वार्ड पार्षद सह श्रीनारायण साह मंडल के पूर्व भाजपा अध्यक्ष शशि मोदी की पत्नी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

एसआईटी से जुड़े एक पुलिस पदाधिकारी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी सेल और वैज्ञानिक अनुसंधान के दौरान यह बात प्रमाणित हुई है कि श्रीनारायण साह मंडल के वर्तमान भाजपा अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की हत्या की पूरी साजिश में दीपिका कुमारी भी बराबर की भागीदार थी। इस जघन्य वारदात में पूर्व पार्षद शशि मोदी, उसके भांजे कृष्णा मोदी उर्फ किशन मोदी और एक अज्ञात शूटर को पहले ही नामजद किया जा चुका है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पूरे मामले की मॉनिटरिंग खुद भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार और सिटी एसपी अतुलेश झा कर रहे हैं।

विदित हो कि बीते 11 सितंबर को बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतूबगंज कुम्हार टोली के पास सुबह करीब 10 बजे बाइक सवार दो शूटरों ने भाजपा नेता उमा भूषण तांती को गोलियों से भून दिया था। गंभीर रूप से घायल उमा भूषण तांती को परिजन आनन-फानन में जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। घटना के बाद मृतक के छोटे भाई अरविंद तांती के लिखित बयान पर बबरगंज थाने में पूर्व मंडल अध्यक्ष शशि मोदी, उसके भांजे कृष्णा मोदी और एक अज्ञात अपराधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मृतक के परिजनों के मुताबिक, इस खूनी वारदात की जड़ में कुतूबगंज स्थित काली माता मंदिर और महादेव तालाब पर वर्चस्व का पुराना विवाद है। मृतक भाजपा नेता उमा भूषण तांती के भाई अरविंद तांती ने पुलिस को दिए बयान में खुलासा किया है कि उमा भूषण तांती से पूर्व शशि मोदी ही भाजपा का मंडल अध्यक्ष था। हालांकि, सरकारी नौकरी लग जाने के कारण उसे पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद कुतूबगंज में भव्य काली मंदिर का निर्माण कार्य उमा भूषण तांती की देखरेख में कराया जा रहा था, जिससे शशि मोदी बुरी तरह खफा था। शशि मोदी का कहना था कि वह जिले से बाहर रहकर ही मंदिर निर्माण का संचालन करेगा और उमा भूषण तांती इसमें दखल न दें। जब उमा भूषण तांती ने पीछे हटने से इनकार कर दिया, तो शशि मोदी और उसके भांजे कृष्णा मोदी ने उन्हें जान से मारने की सीधी धमकी दी थी।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी अरविंद तांती ने पुलिस को बताया कि 11 सितंबर की सुबह वह बाइक से दूध लेने निकला था। कुम्हार टोली के समीप उसने देखा कि सिकंदरपुर निवासी कृष्णा मोदी अपने एक नाटे कद के साथी (जिसका चेहरा गमछे से ढका था) के साथ घात लगाए खड़ा था। उसी दौरान उमा भूषण तांती अपने भतीजे अंकित के साथ ग्लैमर बाइक से वहां से गुजरे। तभी दोनों अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अरविंद तांती के मुताबिक, मायागंज अस्पताल ले जाते वक्त उमा भूषण तांती ने बताया था कि शशि मोदी ने पुराने विवाद के कारण अपने भांजे कृष्णा मोदी के साथ साजिश रचकर उन्हें गोली मरवाई है। पुलिस अब फरार शूटरों को दबोचने के लिए तकनीकी लोकेशन के आधार पर दबिश दे रही है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

यह भी पढ़ें

अस्मिता खेलो इंडिया रग्बी सिटी टूर्नामेंट में अमृतसर की खिलाड़ियों ने दिखाए खेल के जौहर

कहीं व्लादिमीर पुतिन से न कह देते ’व्याकुल मत हो’, बीआरआईसीएस सम्मेलन में सम्राट चौधरी को नहीं बुलाए जाने पर तेजस्वी यादव का तंज

धनकुबेर’ निकला बिहार का एक सुपरिटेंडेंट इंजीनियरः 4 करोड़ से ज्यादा की अवैध संपत्ति का खुलासा, मुंबई में पत्नी के लिए फ्लैट, पनवेल में मां के नाम करोड़ों की जमीन

भाकपा ‘बदलाव जरूरी है’ नारे के तहत राजनीतिक अभियान को और व्यापक व तेज करेगी, 28 सितंबर को पटना में करेगी लोक भवन मार्च

बिहार के रोसड़ा में सड़क हादसा, दो लोगों की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

FB पर विज्ञापन, COD पर डिलीवरी: 3 दिन में बीमारी ठीक करने का दावा करने वाली कंपनी का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार

Leave a Comment