पंजाब लुधियाना (नितिन): पंजाब में राष्ट्रीय सुरक्षा को सेंध लगाने की पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी (ISI) की एक और खतरनाक साजिश को लुधियाना पुलिस ने नाकाम कर दिया है। शहर के अति-व्यस्त और संवेदनशील फिरोजपुर रोड पर दुकान के बाहर हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाकर उनका पूरा लाइव एक्सेस पाकिस्तान में बैठे खुफिया आकाओं को सौंपने वाले एक आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रछपाल सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर (SI) अर्शदीप सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त व चेकिंग के सिलसिले में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को एक खास मुखबिर से बेहद संवेदनशील और गोपनीय सूचना मिली। सूचना में बताया गया कि आरोपी रछपाल सिंह ने मेडीवे (मेडिसिटी) अस्पताल के ठीक सामने, प्लॉट नंबर-01, न्यू सुंदर नगर, फिरोजपुर रोड (लुधियाना) स्थित एक दुकान किराए पर ली हुई है। दुकान के बाहर कैमरे लगा पाकिस्तान को सौंपा पूरा कंट्रोल जासूसी की कड़ियों को जोड़ते हुए सामने आया कि आरोपी रछपाल सिंह ने उक्त दुकान के बाहर खास तौर पर ऐसे कैमरे फिट किए हुए थे, जिनका पूरा डिजिटल एक्सेस और लाइव कंट्रोल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों के पास था। इन कैमरों के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर जिला लुधियाना में होने वाली हर तरह की हलचल, वीआईपी मूवमेंट और संवेदनशील गतिविधियों पर 24 घंटे पैनी नजर रख रहे थे।
धमकियां देने और बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी फिराक
जांच में यह भी सामने आया कि इस लाइव निगरानी नेटवर्क का इस्तेमाल समय-समय पर अलग-अलग फोन नंबरों पर धमकियां देने और लुधियाना में किसी बड़ी देशविरोधी वारदात को अंजाम देने की जमीन तैयार करने के लिए किया जा रहा था।पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियां इस इनपुट के दम पर पंजाब के माहौल को दहलाने की फिराक में थीं।
केस दर्ज, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
मामले की गंभीरता और देश की सुरक्षा से जुड़े होने के चलते पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी रछपाल सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत संगीन मुकदमा दर्ज कर लिया है। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से रिमांड के दौरान यह उगलवाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में उसके साथ शहर के और कौन-कौन से स्लीपर सेल या मददगार शामिल हैं और इसके बदले उसे पाकिस्तान से कितनी फंडिंग मिल रही थी।






