अमृतसर नितिन : पंजाब के अमृतसर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। घर में कंप्यूटर पर काम कर रहे युवक हरजपाल सिंह पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। परिवार ने आरोप लगाया है कि गोली चलाने वाला युवक हरजपाल का मासी का बेटा है, जो अपने एक साथी के साथ घर पहुंचा था।
परिवार के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 2:30 से 2:45 बजे के बीच हुई। हरजपाल सिंह घर में कंप्यूटर पर अपना काम कर रहा था। इसी दौरान उसका मासी का बेटा अपने साथी के साथ घर आया। आरोप है कि दोनों हरजपाल को दूसरे कमरे में ले गए, जहां उस पर गोली चला दी गई। गोली हरजपाल के पेट में लगी।
गोली की आवाज सुनकर परिवार में हड़कंप मच गया। घायल हरजपाल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज और ऑपरेशन किया जा रहा है। परिवार के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उसने परिजनों से बातचीत भी की है। मीडिया से बातचीत में हरजपाल की भाभी ने बताया कि परिवार में पहले किसी तरह की पुरानी रंजिश या बड़ा विवाद नहीं था। आरोपी का परिवार में आना-जाना भी था। ऐसे में गोली चलाने के पीछे क्या वजह रही, इसे लेकर परिवार भी हैरान है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि गोली चलाने के पीछे घरेलू विवाद, निजी रंजिश या कोई अन्य कारण था।








