Surat Food Poisoning Tragedy: गुजरात के सूरत से फूड पॉइजनिंग का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, वराछा इलाके की रणूजाधाम सोसायटी में रहने वाले एक परिवार के 5 सदस्य अचानक गंभीर रूप से बीमार पड़ गए। इनमें 5 साल की बच्ची आर्या की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और दो बहनों का अस्पताल में इलाज जारी है। परिवार का आरोप है कि स्थानीय रेस्टोरेंट से लाई गई सब्जी खाने के बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अशोकभाई चतुरभाई कलसरिया 15 अगस्त की शाम ईश्वरकृपा इलाके में मौजूद शीतल रेस्टोरेंट से दो तरह की सब्जी पैक करवाकर घर लाए थे। वहीं रात में परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ खाना खाया। खाना खाने के करीब 5 घंटे बाद अशोकभाई और उनकी 5 साल की बेटी आर्या को पेट में तेज दर्द उठने लगा। इस दौरान दोनों को इलाज के लिए पास के एक क्लिनिक में ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने दवा देने के साथ ड्रिप भी चढ़ाई, लेकिन उन्हें कुछ खास राहत नहीं मिली।
बच्ची की हुई मौत
अगले दिन परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत भी बिगड़ने लगी। अशोकभाई की पत्नी ज्योत्सनाबेन और उनकी दो बेटियों को भी पेट में तेज दर्द के साथ उल्टी और दस्त होने लगे। कुछ ही समय में पूरे परिवार की हालत गंभीर हो गई। परिजनों के मुताबिक, सबसे छोटी बेटी आर्या की हालत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। उसे गंभीर ऐंठन होने लगी और तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
आर्या को बेहद गंभीर हालत में सद्विचार अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने के करीब 15 से 20 मिनट बाद ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर बच्ची की मौत का कारण गंभीर फूड पॉइजनिंग बताया है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि पोस्टमार्टम और संबंधित मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
रेस्टोरेंट पर कार्रवाई की मांग
आर्या की मौत के बाद परिवार के बाकी 4 सदस्यों को इलाज के लिए स्मीमेर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि उनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। रिश्तेदारों ने मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मृत बच्ची के रिश्तेदार बाबूभाई कलसरिया और चचेरे भाई भावेशभाई कलसरिया ने प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
उनका आरोप है कि रेस्टोरेंट से लाई गई सब्जी खाने के बाद ही परिवार के सभी सदस्यों की तबीयत बिगड़ी। परिजनों ने राज्य के स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग से मामले की जांच कराने की अपील की है। साथ ही शीतल रेस्टोरेंट के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।









