निरीक्षक अखिलेश द्विवेदी को गुरसराय और निरीक्षक राघवेंद्र कुमार को गरौठा थाने का नया प्रभारी नियुक्त

झांसी। गुरसराय थाना पुलिस कस्टडी में पॉक्सो एक्ट के आरोपी वृद्ध द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बड़ी कार्रवाई की है। कर्तव्य पालन में लापरवाही बरतने के आरोप में एसएसपी ने गुरसराय थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह, उपनिरीक्षक (दरोगा) अजीत कुमार और दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही, मृतक वृद्ध को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और झूठे केस में फंसाने के आरोप में केस दर्ज कराने वाले विपक्षी पक्ष के लोगों के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रशासनिक फेरबदल के तहत निरीक्षक अखिलेश द्विवेदी को गुरसराय और निरीक्षक राघवेंद्र कुमार को गरौठा थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बेटे ने लगाया था झूठे केस में फंसाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के सिंगार ग्राम निवासी आरोपी राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने थाने के टॉयलेट में हिरासत के दौरान आत्मघाती कदम उठा लिया था। मृतक के पुत्र विनय ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि विपक्षियों ने साजिश के तहत उसके पिता को झूठे पॉक्सो एक्ट के मामले में फंसाकर पुलिस कस्टडी में बंद करवाया था। इस वजह से वे अत्यधिक मानसिक तनाव और ग्लानि में थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर विपक्षियों के खिलाफ प्रताड़ना का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।












