लखनऊ : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक दल के नेता, बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री (ग्रामीण विकास, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग) तथा उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार जी 18 जुलाई 2026 को एक दिवसीय लखनऊ दौरे पर आ रहे है। बिहार में नई सरकार के गठन के बाद उत्तर प्रदेश का यह उनका पहला आधिकारिक दौरा होगा।
इस अवसर पर जनता दल यूनाइटेड, उत्तर प्रदेश इकाई द्वारा उनके भव्य स्वागत एवं अभिनंदन का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। दौरे का मुख्य कार्यक्रम चौधरी चरण सिंह सभागार, सहकारिता भवन, लखनऊ में आयोजित होने वाली प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें माननीय श्रवण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री अनूप सिंह पटेल करेंगे।
प्रदेश कार्यकारिणी की इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, सभी जिला अध्यक्ष तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने, आगामी संगठनात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने तथा वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश प्रभारी श्री श्रवण कुमार पूर्व में ही प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने बिहार एवं केंद्र के तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के अंतर्गत जनता दल यूनाइटेड की सम्मानजनक भागीदारी की मांग प्रमुखता से उठाई है। उल्लेखनीय है कि जदयू एन○ डी○ ए○ का सबसे पुराना घटक दल है |ऐसे में इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।









