लखनऊ – प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आज जन भवन, उत्तर प्रदेश से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत पैदल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। विशेष कार्याधिकारी (शिक्षा) डॉ0 पंकज एल0 जानी एवं विशेष सचिव, राज्यपाल श्रीप्रकाश गुप्ता ने तिरंगा यात्रा को जन भवन से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
तिरंगा यात्रा में विशेष सचिव, राज्यपाल के नेतृत्व में जन भवन के अधिकारी, कर्मचारी एवं सुरक्षाकर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हर घर तिरंगा यात्रा जन भवन के पोर्च से प्रारम्भ होकर जन भवन के प्रवेश द्वार संख्या-02 से होते हुए बन्दरियाबाग चौराहा पहुँची। वहाँ से दाहिनी ओर मुड़कर लालबत्ती चौराहा, लालबत्ती चौराहे से हैदर कैनाल, हैदर कैनाल से विश्वकर्मा मंदिर पुलिस चौकी, पुराना किला पहुँची। इसके पश्चात पुलिस चौकी, पुराना किला से दाहिनी ओर मुड़कर राजकीय पशु अस्पताल, वहां से योजना भवन होते हुए जन भवन के प्रवेश द्वार संख्या-08 से प्रवेश कर जन भवन के पोर्च पर समाप्त हुई।

यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर ‘भारत माता की जय’ एवं ‘वंदे मातरम्’ के जोशीले उद्घोष किए। इसके साथ ही ‘नशा मुक्त हो भारत देश, जन भवन का यह संदेश’ जैसे जन-जागरूकता के नारों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम के साथ सामाजिक सरोकारों का संदेश भी दिया गया। यात्रा में स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति एवं राष्ट्रगौरव का वातावरण दिखाई दिया। अधिकारी, कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी एवं स्कूली बच्चों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

विदित हो कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 09 अगस्त से 17 अगस्त, 2026 तक ‘वंदे मातरम्’ की भावना को समर्पित होकर मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जन भवन से इस तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव का भाव जागृत करना तथा स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करना है।











