मनोरंजन नौकरी टेक्नोलॉजी योजना ऑटोमोबाइल व्यापार खेल राजनीति शिक्षा बैंकिंग जीवनशैली अपराध

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव 2026: वीणा मानवी व प्रिया किन्नर सहित 14 का नामांकन रद्द, प्रशांत किशोर-नीरज सिन्हा सहित 26 प्रत्याशियों का पर्चा सही

On: July 16, 2026 4:29 AM
हमें फॉलो करें:
ad copy

बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार में राजधानी पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में नामांकन पत्रों की जांच के बाद मंगलवार यानी 14 जुलाई को 40 में से 14 प्रत्याशियों के कुल 18 नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए हैं। नामांकन के पूर्व, दौरान व बाद में बड़ी-बड़ी बातें कर बांकीपुर विधायक बनने का दावा करने वाले इन 14 प्रत्याशियों में से 9, पूरे 10 प्रस्तावक तक नहीं जुटा सके। वहीं, कई अन्य ने प्रस्तावक के हस्ताक्षर या निर्वाचक नामावली से संबंधित तथ्य मिलान में सही नहीं पाए गए। कई ने निर्धारित प्रारूप में शपथ पत्र नहीं दिया, तो कुछ ने आवश्यक दस्तावेज तक नहीं जमा किए थे। एकाध-मामलों में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन पाया गया। भारतीय जनता पार्टी यानी भाजपा के सिंबल पर पहले नामांकन करने वाले अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी के आवेदन को भी रद्द किया गया है। इसके अलावा दल व परिवार से बेदखल हो चुके लालू पुत्र पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की नवोदित जनशक्ति जनता दल यानी जेजेडी की चर्चित प्रत्याशी वीणा मानवी का भी नामांकन रद्द हो गया है। गैर जमानती वारंट के कारण इन्हें सोमवार को गांधी मैदान थाना की पुलिस ने पकड़ कर कोर्ट में हाजिर किया था, जहां से उन्हें जमानत पर रिहा किया गया। जांच के दौरान मंगलवार को जिन 14 प्रत्याशियों के नामांकन रद्द किए गए हैं, उनमें से 8 भाजपा सहित अन्य छोटे दलों के प्रत्याशी थे। वहीं, जिन 6 निर्दलीय प्रत्याशी का नामांकन रद्द हुआ, उनमें से एक प्रिया किन्नर भी शामिल है।

सोशिलिस्ट पार्टी के प्रत्याशी राजीव नगर निवासी ऑटो चालक नवीन तिवारी भी हैं। कुछ प्रत्याशियों के प्रस्तावकों के हस्ताक्षर या निर्वाचन नामावली से संबंधित विवरण सही नहीं पाए गए। कुछ नामांकन पत्रों के साथ शपथ पत्र अधूरा या निर्धारित प्रारूप में संलग्न नहीं था। इसके अलावा सुरक्षा जमानत राशि, आवश्यक प्रमाण पत्र अथवा अन्य अनिवार्य दस्तावेजों में भी कमियां मिलीं हैं। निर्वाची पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 व निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के अनुरूप की गई है। जिन अभ्यर्थियों के नामांकन पत्रों में आवश्यक कानूनी शर्तों का पालन नहीं पाया गया, उनके नामांकन निरस्त कर दिए गए। अब वैध नामांकन पत्रों वाले प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में बचे हैं। 16 जुलाई को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम रूप से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद अब चुनावी मैदान में कुल 26 प्रत्याशी रह गए हैं। स्क्रूटनी में इन प्रत्याशियों के कुल 39 नामांकन पत्र वैध पाए गए। एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार उर्फ नीरज सिन्हा ने सर्वाधिक 4 सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया था। वहीं, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर यानी पीके और राजद प्रत्याशी रेखा कुमारी उर्फ रेखा गुप्ता ने दो-दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किए थे, जो वैध पाए गए हैं। 16 जुलाई तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकते हैं। इसके बाद बचे हुए सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया जाएगा। इसके साथ ही, चुनाव प्रचार की शोर भी शुरू हो जाएगी। यह शोर 28 जुलाई की शाम 5 बजे थम जाएगा। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,79,471 वोटर अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 30 जुलाई को 422 मतदान केंद्रों पर ईवीएम का बटन दबाकर करेंगे। जबकि, 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित होना भी तय है। निष्पक्ष एवं शातिपूर्ण मतदान के लिए चुनावी ड्यूटी में करीब 3,000 कर्मियों की तैनाती होनी है। यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। राज्यसभा सांसद बनने के बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी थी। अब इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बांकीपुर में चुनावी मुकाबले की अंतिम तस्वीर सामने आ सकती है।

वैसे, पटना की हाई-प्रोफाइल वाली इस सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनाव प्रचार को धार देने के लिए भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। भाजपा ने कुल 40 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया है। इस सूची में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा मशहूर लोक गायक से भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टर व बिहार से पहली बार एमएलसी बने पवन सिंह और लोक गायिका से अलीनगर की विधायक बनी मैथिली ठाकुर का नाम भी शामिल है।

बता दें कि, बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन यानी 13 जुलाई को राजधानी पटना में चुनावी माहौल पूरे शबाब पर दिखा। भाजपा, जसुपा और जेजेडी के प्रमुख प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन के बीच नामांकन पत्र दाखिल किया। जहां सुबह से ही पटना समाहरणालय परिसर और आसपास के इलाकों में समर्थकों की भीड़, जुलूस व नारेबाजी से चुनावी सरगर्मी चरम पर रही। एनडीए समर्थित भाजपा के नए प्रत्याशी नीरज कुमार उर्फ नीरज सिन्हा के अलावा देश के चर्चित चुनावी रणनीतिकार रह चुके जसुपा के संस्थापक प्रशांत किशोर और जेजेडी की प्रत्याशी वीणा मानवी ने अपने-अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया था।

एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार उर्फ नीरज सिन्हा के नामांकन में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। हालांकि, उस दिन का सबसे नाटकीय घटनाक्रम सोशल एक्टिविस्ट व जेजेडी प्रत्याशी वीणा मानवी की नामांकन के कुछदेर बाद गिरफ्तारी रही, जिसने चुनावी माहौल को और गर्मा दिया। जसुपा के संस्थापक प्रशांत किशोर ने नामांकन से पूर्व सोमवार की सुबह में सारण के सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद राजधानी पटना के छज्जुबाग स्थित स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित नामांकन सभा को संबोधित किया। नामांकन सभा के बाद प्रशांत किशोर समर्थकों के साथ रोड शो करते हुए ऐतिहासिक गांधी मैदान के निकट समाहरणालय पहुंचे और नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके रोड शो में भोजपुर के कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के पोस्टर भी नजर आए, जिसने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी। नामांकन के बाद प्रशांत किशोर ने कहा, यह मेरा नामांकन नहीं, बल्कि बिहार में बदलती हुई तस्वीर और बेहतर भविष्य का नामांकन है।

इधर, एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार उर्फ नीरज सिन्हा ने नामांकन से पूर्व राजधानी पटना में राजवंशी नगर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने बिहार के पूर्व नगर विकास मंत्री रह चुके भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दिवंगत भाजपा नेता व पिता नवीन किशोर सिन्हा की स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद बिहार भाजपा के प्रदेश कार्यालय से उनका भव्य नामांकन जुलूस निकला। नीरज सिन्हा रथ पर सवार होकर समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचे। उनके साथ बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद, जद(यू.) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा सहित भाजपा व गठबंधन दल के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

यह भी पढ़ें

पंजाब सरकार द्वारा निजी स्कूलों की फीस में 5 प्रतिशत से अधिक वृद्धि पर रोक, लाखों अभिभावकों को बड़ी राहत: विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल

नगर निगम अमृतसर ने लॉरेंस रोड स्थित बिजली पहलवान मंदिर के बाहर से अतिक्रमण हटाया, दोबारा कब्जा करने वालों को सख्त चेतावनी

1 अगस्त को एक बार फिर माताओं और बेटियों के खातों में राशि जमा होने संबंधी संदेश उनके मोबाइल फोन पर प्राप्त होंगे: हरभजन सिंह ई.टी.ओ.,32 लाख से अधिक महिलाएं इस सुविधा का लाभ उठा रही हैं

जद(यू.) ने लालू पुत्र तेजस्वी यादव को बताया ’नॉन-सीरियस’ नेता, राजद ने किया पलटवार, कहा- हमें कोसने के बजाए ठप व्यवस्था सुधारे एनडीए

आम आदमी पार्टी सरकार ने जनता से किए सभी वादे और गारंटियां पूरी कर इतिहास रचा : चेयरमैन प्रभबीर सिंह बराड़,मुफ्त बिजली, मुफ्त इलाज और शिक्षा क्रांति ने लोगों के जीवन में लाया सकारात्मक बदलाव

जवाहर नवोदय विद्यालय, भीलोवाल में छठी कक्षा में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित,आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 31 जुलाई, जबकि परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित होगी

Leave a Comment