बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में एनडीए समर्थित भारतीय जनता पार्टी यानी भाजपा का प्रत्याशी बदलना सियासी चर्चा का विषय बना हुआ है। पहले भाजपा ने युवा नेता अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी को अपना प्रत्याशी बनाया। लेकिन, नामांकन दाखिल करने के 72 घंटे बाद उन्होंने अपना पर्चा वापस ले लिया। इसके बाद भाजपा ने युवा चेहरा नीरज कुमार सिन्हा को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। राजधानी पटना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक कुमार सिन्हा ने नामांकन वापस लेने की वजह पारिवारिक परिस्थितियों को बताया है। वहीं, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि चुनाव लड़ने से पीछे हटने का कारण तो सबको सार्वजनिक रूप से बता ही दिया गया है। हालांकि, उनके फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चायें शुरू हो गईं। इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा उनके माता-पिता का नाम बहुचर्चित चारा घोटाला से जुड़ने को लेकर हुई। यही वह चारा घोटाला है, जिसने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को सत्ता से बेदखल कर दिया है। क्योंकि, भाजपा ने ही उसे उजागर किया था।
भाजपा नेता अभिषेक सिन्हा के पिता रविंद्र प्रसाद ने स्वीकार किया कि वह चारा घोटाला मामले में दोषी ठहराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस फैसले के खिलाफ उन्होंने हाई कोर्ट में अपील की है और फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। प्रेस से बातचीत में रविंद्र प्रसाद ने कहा कि पुत्र अभिषेक सिन्हा को भाजपा का टिकट मिलने के बाद ही उनके पुराने मामले को दोबारा उछाला जाने लगा है। उनके मुताबिक, इससे दल पर अनावश्यक दबाव बना और अंततः पुत्र अभिषेक सिन्हा को नामांकन वापस लेना पड़ा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उनके पुत्र के खिलाफ सुनियोजित माहौल बनाया गया हो सकता है।

राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि प्रत्याशी बदलने के पीछे सिर्फ चारा घोटाला मामला ही कारण नहीं था। बिहार भाजपा के अंदर भी टिकट को लेकर असंतोष की बातें सामने आ रही थीं। भाजपा प्रत्याशी से बिठाए गए अभिषेक कुमार सिन्हा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नितिन नवीन का करीबी माना जाता है। नितिन नवीन के राज्यसभा जाने से खाली हुई इस सीट पर अभिषेक सिन्हा को टिकट मिलने के बाद भाजपा के कुछ स्थानीय दावेदार और कार्यकर्ता असहज बताए जा रहे थे।
बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न मानी जा रही है। यह सीट पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पास थी। उनके राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह सीट खाली हुई और अब यहां उपचुनाव हो रहा है। इस उपचुनाव में भाजपा के सामने जन सुराज पार्टी यानी जसुपा के संस्थापक प्रशांत किशोर यानी पीके और महागठबंधन समर्थित राजद की रेखा कुमारी उर्फ रेखा गुप्ता जैसी मजबूत चुनौती है। ऐसे में भाजपा किसी भी ऐसे विवाद से बचना चाहती थी, जो चुनावी अभियान को प्रभावित कर सकता था। इसी रणनीति के तहत भाजपा ने अंततः दूसरे युवा चेहरा नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतार दिया है।
उधर, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भाजपा के नए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने राजधानी पटना स्थित लोकसेवक आवास में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार भेंटकर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर लिया है। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री चौधरी ने नीरज सिन्हा का स्वागत किया और उन्हें आगामी उपचुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा प्रत्याशी क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे। इस दौरान एक बैठक में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों और चुनावी रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री चौधरी ने पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं के समन्वय के साथ जनसंपर्क अभियान को मजबूत करने पर जोर दिया।
भाजपा के नए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने भी चुनावी तैयारियों और अब तक चलाए जा रहे जनसंपर्क कार्यक्रमों की जानकारी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को दी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है और जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। इस मौके पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रत्याशी के प्रचार अभियान, बूथ प्रबंधन व संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान आगामी दिनों में होने वाले कार्यक्रमों, जनसभाओं और कार्यकर्ता सम्मेलनों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। भाजपा नेतृत्व ने विश्वास जताया कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगी।

इधर, नामांकन से पूर्व एनडीए समर्थित भाजपा के नए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने रविवार को राजधानी पटना स्थित आवास पर पहुंच कर बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके जद(यू.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान नीरज सिन्हा के साथ बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी मौजूद रहे। नीरज सिन्हा ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इस खास मुलाकात के मौके पर नमो सरकार के केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी उपस्थित थे। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी नीरज कुमार सिन्हा को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नए प्रत्याशी नीरज सिन्हा को कहा कि वे हमेशा जनता के बीच एक्टिव रहें और सेवा भाव से काम करें। नीतीश कुमार ने उम्मीद जताई कि नीरज सिन्हा बांकीपुर के वोटरों का भरोसा जीतने में कामयाब होंगे और इस क्षेत्र के विकास को एक नई रफ्तार देंगे। वहीं, सीनियर नेताओं से मिले समर्थन और आशीर्वाद के बाद भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा काफी उत्साहित दिखे। उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं का मार्गदर्शन उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। नीरज सिन्हा ने बांकीपुर की जनता को भरोसा दिलाया कि अगर उन्हें सेवा करने का मौका मिला, तो वे क्षेत्र के विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, आम सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्थानीय समस्याओं को दूर करने को अपनी सबसे पहली प्राथमिकता बनाएंगे। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी गठबंधन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल पूरी तरह एक होकर बांकीपुर का उपचुनाव लड़ रहे हैं। संजय सरावगी को पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और बिहार की एनडीए सरकार ने जो विकास कार्य किए हैं, जनता उसी के आधार पर एक बार फिर उनके प्रत्याशी को भारी मतों से जिताएगी। नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।










