पंजाब : बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई के समीप रविवार रात को पंजाब से आए श्रद्धालुओं से भरी बस बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में 2 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार बस (नंबर पी.बी.-03 बी.जे. -9755) पंजाब के अमृतसर से श्रद्धालुओं को बाबा बालक नाथ जी के दर्शन करवाने शाहतलाई आई थी। दर्शन करने के बाद श्रद्धालु वापस अमृतसर लौट रहे थे कि शाहतलाई के समीप अचानक चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना शाहतलाई की टीम, टैक्सी यूनियन शाहतलाई के सदस्य तथा स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर विभिन्न निजी अस्पतालों में भेजा गया। डी.सी. बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि दुर्घटना में 2 लोगों की मौत हुई है। सभी घायलों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।







