झांसी : सीपरी बाजार पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए देर रात लकारा पुलिया के पास एक बड़ी मुठभेड़ के बाद चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में चारों आरोपी पैरों में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने बीते 11 अगस्त को गल्ला व्यापारी प्रशांत गुप्ता पर हुए जानलेवा हमले और लूट के प्रयास की वारदात का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। वारदात की पूरी पटकथा व्यापारी के यहां ही काम करने वाले एक पल्लेदार (मजदूर) ने रची थी।
घेराबंदी पर पुलिस टीम पर झोंकी फायरिंग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट टीम और थाना सीपरी बाजार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि व्यापारी को गोली मारने वाले शूटर किसी अन्य वारदात की फिराक में लकारा पुलिया के पास छिपे हैं। पुलिस टीम ने जब मौके पर पहुंचकर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने को कहा, तो खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें चारों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने मौके से चारों को दबोच लिया और उनके कब्जे से 4 अवैध तमंचे, 6 खोखा कारतूस और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
मुठभेड़ में घायल बदमाशों की पहचान मुख्य साजिशकर्ता शिवम कुशवाह (पल्लेदार), सुरेंद्र कुशवाह, प्रद्युम्न कुशवाह (दोनों निवासी उन्नाव बालाजी, दतिया, मध्य प्रदेश) और आकाश कुशवाह (निवासी निवाड़ी, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शिवम कुशवाह गल्ला व्यापारी प्रशांत गुप्ता के यहां ही पल्लेदारी का काम करता था। प्रशांत रोज कितना कैश लेकर घर लौटते हैं और उनका रूट क्या है, इसकी पूरी रेकी शिवम ने की थी। ज्यादा पैसों के लालच में उसने मध्य प्रदेश के दतिया और निवाड़ी से अपने साथियों को बुलाया और 11 अगस्त की शाम भोजला पुल के पास गल्ला व्यापारी को लूटने के उद्देश्य से घेराबंदी की। जब प्रशांत ने स्कूटी नहीं रोकी, तो बदमाशों ने पीछे से उन्हें गोली मार दी थी। गोली लगने के बावजूद व्यापारी खुद स्कूटी चलाकर अस्पताल पहुंचे थे, जहां अभी भी उनका इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगालते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।












