बेशर्त सहयोग के लिए अनिल अग्रवाल ने बढ़ाया हाथ, एक डिमांड पर सरकार के दो रिएक्शन….
बिहार में समस्तीपुर जिले के ताजपुर निवासी 14 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, पटना के 27 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन, समस्तीपुर के 27 वर्षीय भारतीय क्रिकेटर अनुकूल राय, गोपालगंज के 21 वर्षीय भारतीय तेज गेंदबाज साकिब हुसैन एवं 32 वर्षीय भारतीय क्रिकेटर मुकेश कुमार। इन जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के प्रदर्शन को मिल रही वैश्विक पहचान से क्रिकेट गलियारों में बिहार की अपनी आईपीएल टीम होने की मांग उठ गयी है। इन खिलाड़ियों की सफलता ने राज्य के क्रिकेट ढांचे को मजबूत करने और भविष्य में एक नई आईपीएल फ्रेंचाइजी के दावे को मजबूत कर दिया है। क्रिकेट में चमके राज्य के होनहारों की वजह से आज देश-दुनिया को यह मानने पर मजबूर कर दिया है कि बिहार क्रिकेट का एक नया पावर हाउस है।

निशानेबाजी की माहिर खेलाड़ी से देश-दुनिया में अपनी पहचान बना चुकीं बिहार की वर्तमान खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार खिलाड़ियों के लिए और खेल को आगे बढ़ाने के लिए तैयारी कर रहा है। राज्य के कोने-कोने में क्रिकेट, रग्बी, हाकी जैसे तमाम खेलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधारभूत संरचना विकसित की जा रही है। वहीं, बिहारी क्रिकेटरों के प्रदर्शन को देखते हुए देश के चर्चित व बिहार मूल के जाने माने उद्योगपति और वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने ’बेमिसाल बिहार’ नाम सुझाते हुए आईपीएल टीम बनाने में बेशर्त मदद का ऐलान किया है। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ’एक्स’ पर खुलकर लिखा है कि उन्हें हमेशा यह बात खलती है कि बिहार को क्रिकेट में अब तक वह पहचान और सम्मान नहीं मिल पाया, जिसका वह हकदार है। उन्होंने कहा कि मेरा हमेशा से सपना रहा है कि बिहार के युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिले। हमारे खिलाड़ियों को भी विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर सुविधाएं बिहार में ही मिलनी चाहिए। मुझे पूरा भरोसा है कि अगर हमारे बच्चों को सही मार्गदर्शन और संसाधन मिलें, तो बिहार की टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में शामिल हो सकती है। मैं इस काम में बिहार के युवाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूं। बिहार मेरे लिए सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि एक भावना है। अब समय आ गया है कि हमारी मिट्टी का प्रतिभा मैदान पर अपना दम दिखाए।

इधर, उद्योगपति अनिल अग्रवाल की बातों पर सहमति जताते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें जवाब दिया कि बिहार के क्रिकेट ’इमोशन’ के लिए सरकार स्पष्ट ’विजन’ के साथ ’मिशन’ मोड में कार्यरत है। आपके सहयोग से निश्चित ही बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। जबकि, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्द्धन ने कहा कि बीते 5 वर्षों में खेल को लेकर आधारभूत संरचना पर कार्य किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि आज आईपीएल के लिए बिहार के नाम की टीम की मांग उठी है।
दरअसल, आईपीएल में इस बार वैभव सूर्यवंशी 13 मैचों में एक शतक और तीन अर्धशतक की मदद से 579 रन बना चुके हैं। वैभव सूर्यवंशी ऑरेंज कैप (सबसे अधिक रन) की दौड़ में शामिल हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 12 छक्के और 5 चौके की मदद से 37 गेंदों में 103 रन बनाए थे। इसके साथ ही वैभव एक आईपीएल सत्र में 50 से अधिक छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। महज 12 वर्ष 284 दिन की उम्र में बिहार से रणजी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी इस बार आईपीएल में 53 छक्के लगा चुके हैं। वहीं, अपनी टीम की बल्लेबाजी क्रम की महत्वपूर्ण कड़ी ईशान किशन झारखंड से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले राजधानी पटना के 27 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन आईपीएल में 6 अर्धशतक की मदद से 569 रन बना चुके हैं।
राजस्थान रायल्स के खिलाफ वे 91 रन बनाकर शतक से चूक गए थे। आस्ट्रेलिया के पैट कमिंस के आने से पूर्व ईशान किशन ने कुछ मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी की और अपनी टीम को मुकाबलों में जिताकर प्ले ऑफ में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, गोपालगंज के 21 वर्षीय तेज गेंदबाज साकिब हुसैन आफ कटर और स्लो गेंदों से सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलते हुए आईपीएल में विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं। अपने प्रदर्शन से इन दिनों वे प्रभावित कर रहे हैं। राजस्थान रायल्स के खिलाफ पदार्पण मैच में 4 विकेट लेकर चर्चा में आए गोपालगंज के साकिब हुसैन बिहार से रणजी खेलते हैं। इस बार आईपीएल के इस मुकाबलों में वे 15 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज चुके हैं। चयनकर्ताओं की निगाह में हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के खेलने वाले गोपालगंज के 32 वर्षीय मुकेश कुमार लाइन-लेंथ पर गेंद फेंकने में माहिर हैं। भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके मुकेश कुमार को आईपीएल के 10 मुकाबलों में भले 6 विकेट मिले हों, पर उन्होंने किफायती गेदंबाजी कर सबको प्रभावित किया है। कोलकाता नाइट राइडर्स से खेलने वाले समस्तीपुर के भिरहा निवासी 27 वर्षीय अनुकूल राय किफायती स्पिन गेंदबाज हैं। वे इस बार हर मैच में टीम के सदस्य रहे हैं। उन्होंने 11 मैच में 8 विकेट लिए हैं।






