अमृतसर (नितिन) : धार्मिक स्थलों के आसपास नकली देसी घी बेचे जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद फूड सेफ्टी विभाग ने अमृतसर में औचक चैकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान चविंडा देवी क्षेत्र और रंजीत एवेन्यू में स्थित विभिन्न फूड बिजनैस ऑप्रेटर्स से देसी घी, पेड़ा, बर्फी और मट्ठी के कुल 5 सैंपल भरे गए, जिन्हें जांच के लिए स्टेट फूड लैब, खरड़ भेजा गया है। इस चैकिंग अभियान की अगुवाई डैजिग्नेटेड ऑफिसर-कम-जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनजीत सिंह रटौल ने की, जबकि उनके साथ फूड सेफ्टी ऑफिसर सतनाम सिंह भी मौजूद थे। टीम ने खास तौर पर ऐतिहासिक चविंडा देवी मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास चैकिंग की, जहां मिलावटी देसी घी बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं।
धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : डॉ. रटौल
डॉ. मनजीत सिंह रटौल ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर ज्योति के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले देसी घी की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। लिए गए सभी सैंपलों की लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि कोई सैंपल मानकों पर खरा नहीं उतरा, तो संबंधित व्यापारियों के खिलाफ फूड सेफ्टी एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत पर रैस्टोरैंट की भी हुई जांच
फूड सेफ्टी टीम ने रंजीत एवेन्यू के एक रैस्टोरैंट की भी जांच की। विभाग के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में रैस्टोरैंट में परोसी गई बीयर में कॉकरोच होने का दावा किया गया था। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और खाद्य पदार्थों के सैंपल इकट्ठा किए।
ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों तक अभियान जारी
फूड सेफ्टी ऑफिसर सतनाम सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी लगातार चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। खास कर उन जगहों पर निगरानी बढ़ाई गई है, जहां लोगों की अधिक आवाजाही होती है या खाद्य पदार्थों की अधिक बिक्री होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री या निर्माण के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत फूड सेफ्टी विभाग को सूचित करे। उन्होंने भरोसा दिया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
फूड सेफ्टी विभाग ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अमृतसर में मिलावटखोरी को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने आने वाले दिनों में और भी सख्त चैकिंग अभियान जारी रखने के संकेत दिए हैं।









