तरनतारन/अमृतसर : विधानसभा हलका खेमकरण के अंतर्गत आते गांव कलसियां कलां में एल.सी.डी. चोरी के शक में आधा दर्जन से अधिक पड़ोसियों ने कथित तौर पर एक परिवार के घर में घुसकर तलवारों, बरछे और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले के दौरान सिर में पत्थर लगने से 70 वर्षीय बुजुर्ग बलविंदर सिंह की मौत हो गई। थाना भिखीविंड पुलिस ने मृतक के बेटे के बयानों के आधार पर 5 नामजद सहित 4 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी देते हुए गांव कलसियां कलां निवासी रणजीत सिंह पुत्र बलविंदर सिंह ने बताया कि बीते दिन शाम करीब साढ़े 4 बजे वह अपने पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर में मौजूद था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले रूप सिंह, साजन सिंह, रेशम सिंह, लखविंदर सिंह, राजवीर कौर तथा कुछ अन्य व्यक्ति कथित तौर पर उनके घर में दाखिल हो गए और तलवारों, ईंट-पत्थरों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया।
रणजीत सिंह ने बताया कि लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा तथा उसके साथ आए अन्य लोगों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसके पिता बलविंदर सिंह (70) के सिर पर पत्थरों से वार किए गए। इसके बाद बरछे के पिछले हिस्से से भी उन पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
आरोपियों ने घर में भी तोड़फोड़ की और इसके बाद मौके से फरार हो गए। परिवार द्वारा गंभीर रूप से घायल बलविंदर सिंह को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रणजीत सिंह ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है, जबकि उसके पिता भी खेतों में काम करके परिवार की आर्थिक मदद करते थे।
रणजीत सिंह के अनुसार हमले के पीछे पुरानी रंजिश की वजह पड़ोसी के घर से एल.सी.डी. चोरी होने का शक था। पड़ोसी कथित तौर पर एल.सी.डी. चोरी का आरोप उनके परिवार पर लगा रहे थे। इस विवाद को खत्म करने के लिए गांव के गण्यमान्य लोगों की मौजूदगी में उसके पिता बलविंदर सिंह ने शाम को कसम खाने की बात स्वीकार की थी। रणजीत सिंह ने बताया कि निर्धारित समय पर कसम खाने से पहले ही पड़ोसियों ने उनके घर में घुसकर हमला कर दिया, जिसमें उसके पिता की जान चली गई।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
इस संबंध में डी.एस.पी. भिखीविंड अतुल सोनी ने बताया कि मृतक बलविंदर सिंह के बेटे रणजीत सिंह के बयानों के आधार पर रूप सिंह पुत्र फौजा सिंह, साजन सिंह पुत्र रूप सिंह, रेशम सिंह पुत्र रूप सिंह, लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा पुत्र रूप सिंह और राजवीर कौर पुत्री रूप सिंह, सभी निवासी गांव कलसियां कलां के अलावा 4 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। डी.एस.पी. ने बताया कि पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।







