लुधियाना (नितिन): सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और सार्वजनिक मंचों से हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक व विवादित टिप्पणियां कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई अमल में लाई है।
शिव सेना पंजाब के राष्ट्रीय चेयरमैन राजीव टंडन द्वारा दी गई शिकायत पर हुई गहन जांच-पड़ताल के बाद थाना हैबोवाल पुलिस ने गायक काशीनाथ सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में शिव सेना पंजाब के राष्ट्रीय चेयरमैन राजीव टंडन ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर देखा कि काशीनाथ नामक एक गायक ने चलते स्टेज शो के दौरान हिंदू देवी माता पार्वती जी के बारे में बेहद आपत्तिजनक और विवादित टिप्पणी की है। आरोपी गायक ने इस विवादित टिप्पणी का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया है तथा अन्य लोगों द्वारा भी इसे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा है, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक आस्था को गहरी ठेस पहुंची है।
फेसबुक पेजों पर भगवान हनुमान जी को लेकर भी की गई अभद्र टिप्पणी
शिकायतकर्ता राजीव टंडन ने पुलिस के ध्यान में यह भी लाया कि इसी प्रकार 'दल पंथ बाबा बुड्ढा दल' नाम से बनाए गए फेसबुक पेज पर प्रताप सिंह नामक व्यक्ति ने अपना वीडियो बनाकर भगवान हनुमान जी को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। इसके अलावा 'अकालगढ़िया' नामक फेसबुक पेज पर भी एक विवादित वीडियो शेयर किया गया है। इस तरह की अभद्र टिप्पणियां कर हिंदू धर्म की धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर आहत किया जा रहा है।
जांच-पड़ताल के बाद मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की तफ्तीश
राजीव टंडन की ओर से प्राप्त दरख्वास्त और संलग्न वीडियो साक्ष्यों की पुलिस अधिकारियों द्वारा गहनता से जांच-पड़ताल की गई। पड़ताल के बाद संबंधित थाना पुलिस ने गायक काशीनाथ व अन्य के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, केस दर्ज कर मामले की आगामी तफ्तीश अमल में लाई जा रही है।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें