अधिकारियों के अनुसार, इस बार टेंडर प्रक्रिया को 2 हिस्सों में बांटा गया है। कमाई और खर्चों से जुड़े प्रबंधों के लिए अलग-अलग टेंडर जारी किए गए हैं। उम्मीद है कि जनवरी से चुनी गई कंपनी स्टेशन की सुविधाओं का संचालन संभाल लेगी। हालांकि, पार्किंग, वॉशरूम और कैंटीन के टेंडर पहले ही जारी किए जा चुके हैं। तय समय तक इनका संचालन मौजूदा कंपनियों के पास ही रहेगा।
तीसरी बार जारी किया गया टेंडर
चंडीगढ़ वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन की सुविधाओं का संचालन निजी कंपनी को सौंपने के लिए इससे पहले भी 2 बार टेंडर जारी किए गए थे। पहली बार सितंबर 2025 और दूसरी बार अप्रैल 2026 में टेंडर निकाला गया था। पिछली बार टेंडर प्रक्रिया में केवल एक या दो कंपनियों ने ही रुचि दिखाई थी। इसे देखते हुए आर.एल.डी.ए. ने इस बार टेंडर को 2 हिस्सों में बांटा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा कंपनियां इसमें हिस्सा ले सकें।
स्टेशन का संचालन निजी कंपनी के हाथों में जाने के बाद प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत बढ़ने की संभावना है। फिलहाल चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट 10 रुपए का है। अनुमान लगाया जा रहा है कि निजी कंपनी के संचालन संभालने के बाद इसकी कीमत बढ़ाकर 20 रुपए की जा सकती है। इसके लिए भोपाल के वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन हबीबगंज का उदाहरण दिया जा रहा है। वहां निजी कंपनी को संचालन सौंपने के बाद प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत 20 रुपए कर दी गई थी। हालांकि, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर टिकट की नई कीमत को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
इन सुविधाओं का संचालन निजी कंपनी के पास होगा
रेलवे टिकट और पार्सल बुकिंग को छोड़कर स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली लगभग सभी सुविधाओं का संचालन निजी कंपनी को सौंपने की योजना है। इसमें फूड कोर्ट, पार्किंग, विज्ञापन, क्लॉक रूम, रिटायरिंग रूम, वॉशरूम, कैंटीन और स्टेशन परिसर की सफाई जैसे काम शामिल हैं। इसका उद्देश्य स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का बेहतर तरीके से संचालन और रखरखाव करना है।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें