लखनऊ : भारतीय वायुसेना के प्रमुख एवं सी.एम.एस. के पूर्व छात्र एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित 23 नवम्बर, सोमवार को सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोल्फ सिटी कैम्पस में आयोजित विज्ञान मेले के मुख्य अतिथि होंगे। इस दो दिवसीय विज्ञान मेले में सी.एम.एस. के विभिन्न कैम्पसों के 15,000 से अधिक छात्र प्रतिभाग करेंगे।
अशोक चक्र से सम्मानित एवं अन्तर्राष्ट्रीय अन्तरिक्ष स्टेशन (आई.एस.एस.) के एक्सिओम-4 मिशन के पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी 23 एवं 25 नवम्बर को विज्ञान मेले में उपस्थित रहेंगे।
इस विज्ञान मेले का प्रमुख आकर्षण ‘वॉयेजर मिक्सस्टिक्स माइक्रोग्रैविटी स्टूडेन्ट रिसर्च प्रोग्राम’ होगा, जिसे अर्थाइजन एवं रकिया मिशन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्कूली छात्रों को कक्षा की सीमाओं से आगे बढ़कर अपने वैज्ञानिक प्रयोग विकसित करने और उन्हें अन्तर्राष्ट्रीय अन्तरिक्ष स्टेशन (आई.एस.एस.) पर सम्पन्न कराने का अवसर मिलेगा।
विज्ञान मेले में मोबाइल प्लेनेटेरियम, चन्द्रमा की विशालकाय प्रतिकृति, अर्थाइजन का ‘अन्तरिक्ष रथ’, इन्फोसिस मोबाइल एक्सपीरियंस बस तथा भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के तैरते हुए मॉडल विशेष आकर्षण होंगे। इसके अलावा, छात्र स्वनिर्मित रोबोटिक्स मॉडल, ह्यूमनाइड रोबोट, रोबोटिक आर्म, ड्रोन प्रदर्शन, इमर्सिव ए.आई. आदि का सजीव प्रदर्शन करते हुए उनके बारे में समझायेंगे।
सी.एम.एस. संस्थापकों की दूरदर्र्शीीसोच को समर्पित यह विज्ञान मेला नई पीढ़ी को विज्ञान के चमत्कारों से परिचित कराने के साथ-साथ मानवता के कल्याण हेतु विज्ञान की प्रगति में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें