पुलिस को दी गई शिकायत में कांस्टेबल तरसेम सिंह ने बताया कि बीती 18 नवंबर को वह थाना डिवीजन नंबर-5 में जनरल ड्यूटी पर तैनात था। इस दौरान वह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हमराज सिंह चीमा और अन्य पुलिस पार्टी के साथ मल्हार रोड स्थित सिटी मॉल के सामने विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहा था। कांस्टेबल तरसेम सिंह के अनुसार, नाकाबंदी के दौरान फिरोजपुर रोड की तरफ से एक काले रंग की कार आई, जिसे वैभव नामक युवक चला रहा था। आरोपी चालक बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाकर सड़क पर चल रहे आम लोगों की जान को भी खतरे में डाल रहा था। जब कांस्टेबल तरसेम सिंह ने कार चालक को रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी और कांस्टेबल को टक्कर मारने व कुचलने की नीयत से गाड़ी सीधे उसकी तरफ मोड़ दी।
मौके पर मौजूद पुलिस पार्टी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल काले रंग की कार को भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान वैभव अरोड़ा निवासी पटेल नगर, लुधियाना के रूप में हुई है। थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और लापरवाही से वाहन चलाने की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें