पंजाब (नितिन) : दिल्ली क्राईम ब्रांच ने लॉरैंस बिश्नोई गैंग पर शिकंजा सकते हुए साबरमती जेल को पत्र लिखकर उनसे उन सबका रिकार्ड मांगा है जो कोई भी लॉरैंस से जेल में मुलाकात करने आए थे। दिल्ली पुलिस के हाथ और भी कई पुख्ता सबूत लगे हैं कि लॉरैंस गैंग में सोशल मीडिया के जरिए जैन-जी युवा शामिल हो रहे हैं, जिनकी आयु 16 वर्ष से 20 वर्ष की है और अब इस गैंग में लड़कियां भी दिलचस्पी दिखाने लग पड़ी हैं। टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद लॉरैंस बिश्नोई की साबरमती जेल में बैरक बदल कर अब जिस बैरक में रखा गया है उसी बैरक में वर्ष 1983 में दाऊद इब्राहिम भी 4 महीने रह चुका है।
गैंग में शामिल लड़कियां कर रही हैं कोरियर का काम
दिल्ली क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी एम. खान और पवन शर्मा ने बताया कि लॉरैंस बिश्नोई गैंग में शामिल हो रहे युवाओं को गिरोह में शामिल करने से पहले करोड़ों रुपयों का लालच और विदेश में सैटल करने के झूठे ख्वाब दिखाए जा रहे हैं। जिन लड़कों को यह शामिल कर रहे हैं उनका पहले कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं के बाद दिल्ली क्राईम ब्रांच की टीमों ने जिन लड़कों को पकड़ा उनकी आयु बहुत कम 20 वर्ष तक की है। हाल ही में दिल्ली क्राइम ब्रांच ने बबीता और राधा नाम की दो लड़कियों को पकड़ा है जिसके बाद खुलासा हुआ कि टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले शूटरों के पास इन्हीं लड़कियों ने हथियार पहुंचाए थे। क्राईम ब्रांच इस बात की जानकारी हासिल कर रही है कि इस गैंग में और कितनी लड़कियां शामिल हो चुकी हैं।
लॉरैंस बिश्नोई गैंग की कमांड हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी के बाद अब अनिल पंडित के हाथ में
लॉरैंस बिश्नोई के जेल में रहते उसके गैंग को पहले विदेश में बैठा गोल्डी बराड़ चला रहा था। गोल्डी बराड़ की लॉरैंस से अनबन हो गई तो बिश्नोई गैंग की कमांड विदेश में बैठे उसके छोटे भाई अनमोल बिश्नोई के हाथ में आ गई, जिसे अमेरिका की पुलिस ने पकड़ कर भारत की पुलिस के हवाले कर दिया तो उस गैंग की कमांड हैरी बाॅक्सर के हाथ में चली गई। हैरी बाॅक्सर को भी हाल ही में कैलीफोर्निया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया तो अब अमेरिका में बैठे इस गैंग की कमांड अनिल पंडित के हाथ में आ गई। अधिकारियों के मुताबिक अनील पंडित हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है। वर्ष 2023 में यह कैनेडा चला गया और वर्ष 2024 में डोंकी के जरिए यह अमरीका चला गया। बाहर जाने से पहले अनिल पंडित पर एक भी मुकद्दमा दर्ज नहीं था। अमेरिका में यह लॉरैंस गैंग में शामिल हो गया और इसने भारत में एक के बाद एक कई बड़ी घटनाएं करवाईं और उसकी जिम्मेदारी भी सोशल मीडिया पर लेते हुए खुद को लॉरैंस का छोटा भाई बताता है।
लॉरैंस गैंग ने राजनेताओं से भी मांगनी शुरू की रंगदारी
लाॅरैंस गैंग जो पहले सिंगर, एक्टर, बिजनैसमैन और बिल्डरों को धमका कर उनसे फिरौतियां वसूलता था अब इस गैंग ने एक कदम और आगे बढ़ते हुए राजनेताओं को भी फोन कर फिरौती मांगनी शुरू कर दी है। लॉरैंस गैंग के गुर्गे अनिल पंडित ने गत दिवस दिल्ली में नेता हाजी शकील सैफी को फोन कर रंगदारी मांगी है। हाजी शकील बड़े नेता होने के साथ उद्योगपति भी हैं जिनके बालीवुड में भी अच्छे लिंक बताए जाते हैं। पहले वह बसपा की टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं जो हार गए थे। वर्ष 2024 में वह बी.जे.पी. में चले गए। लॉरैंस गैंग की धमकी के बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है।
जिस बैरक में कभी बंद था दाऊद,उसी बैरक में है लॉरैंस बिश्नोई
कुख्यात अपराधी लॉरैंस बिश्नोई का गैंग देश ही नहीं विदेशों में फैल चुका है। लॉरैंस पर देश में 80 से ज्यादा मुकद्दमे चल रहे हैं। लॉरैंस को अब जिस बैरक में रखा गया है संयोग देखिए 43 वर्ष पहले डी. कंपनी का दाऊद इब्राहिम भी इसी साबरमती बैरक में बंद था। वर्ष 1983 में दाऊद इब्राहिम मुंबई से गुजरात पहुंचा जहां उसे सोने की स्मगलिंग में गुजरात पुलिस ने पकड़ लिया और उसे 4 महीने तक साबरमती जेल की इसी बैरक में रखा गया। लॉरैंस बिश्नोई को वर्ष 2022 में गुजरात पुलिस 39 किलोग्राम हैरोइन के मामले में पूछताछ के लिए गुजरात लाई थी। इस ड्रग की कीमत 195 करोड़ रुपए बनती थी। इस पूछताछ के बाद गुजरात पुलिस ने उसे साबरमती जेल भेज दिया, जो पहले 10 नंबर बैरक में रहता था। टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद उसकी बैरक बदल कर अब उसे जिस बैरक में रखा गया है इसी बैरक में दाऊद इब्राहिम भी रह चुका है।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें