हरिमोहन श्रीवास, झाँसी मण्डल ब्यूरो
झाँसी – उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद के पूंछ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज से झांसी की ओर आ रही एक तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान दिवंगत माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उसके मित्र सोनू के रूप में हुई है
एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचे शव, भारी पुलिस बल तैनात
हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस और राहत दल ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दोनों मृतकों के शवों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए झांसी मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर और पोस्टमार्टम हाउस के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा।

कप्तान (SSP) ने जारी किया आधिकारिक बयान
हादसे की जानकारी देते हुए झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति ने बताया कि, “पुलिस को सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि पूंछ थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक एसयूवी कार चालक के नियंत्रण खोने के बाद डिवाइडर से टकरा गई है। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मृतकों में एक की पहचान प्रयागराज निवासी अबान अहमद (पुत्र अतीक अहमद) के रूप में हुई है ” शुरुआती पूछताछ के आधार पर कप्तान ने बताया कि गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी और अचानक सामने कोई जानवर आ जाने के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ।

भाई से मुलाकात से पहले ही थम गईं सांसें
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अबान अहमद अपने साथियों के साथ प्रयागराज से झांसी जा रहा था। आज उसकी झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मुलाकात होनी थी। लेकिन जेल पहुंचने से पहले ही रास्ते में पूंछ थाना क्षेत्र के अंतर्गत यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में मोहम्मद जैद और उमर समेत तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

अतीक के कुनबे से जुड़ी एक और बड़ी घटना
माफिया अतीक अहमद के परिवार से जुड़ा यह एक और बड़ा घटनाक्रम है। इससे पहले माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की प्रयागराज में सरेआम हत्या कर दी गई थी, जबकि उसका बड़ा बेटा असद पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो चुका है। वहीं अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन अभी भी गायब (फरार) है। अब सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की इस सड़क हादसे में मौत से अतीक के कुनबे की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।







