अब लोगों को घर के नज़दीक ही मिलेंगी मुफ्त दवाइयां, लैब जांच और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं : जीवनजोत कौर

पंजाब सरकार द्वारा आम लोगों को उनके घरों के निकट गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए अमृतसर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती जीवनजोत कौर ने आज वार्ड नंबर 35 (न्यू अमृतसर) तथा वार्ड नंबर 25 (कांगड़ा कॉलोनी) में दो नए ‘आम आदमी क्लीनिक’ का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इन दोनों नए क्लीनिकों के शुरू होने के साथ ही अमृतसर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या 6 से बढ़कर 8 हो गई है।
इस अवसर पर विधायक जीवनजोत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को निःशुल्क, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि न्यू अमृतसर के 7 एकड़ पार्क में स्थापित नए आम आदमी क्लीनिक से वार्ड नंबर 35 के निवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जबकि कांगड़ा कॉलोनी में शुरू किए गए क्लीनिक से वार्ड नंबर 25 के लोगों को अपने घर के निकट ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विधायक ने बताया कि इन क्लीनिकों में लोगों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, मुफ्त लैब जांच और मुफ्त दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों के माध्यम से आम लोगों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

श्रीमती जीवनजोत कौर ने कहा कि आम आदमी क्लीनिक पंजाब सरकार की जनहितकारी स्वास्थ्य नीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और राज्य सरकार पूरे प्रदेश में इनकी संख्या लगातार बढ़ा रही है ताकि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर के नज़दीक ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा, “लोगों का स्वास्थ्य और उनका कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन नए क्लीनिकों के शुरू होने से आम नागरिकों को समय पर उपचार मिलेगा और उनके इलाज पर होने वाला खर्च भी काफी हद तक कम होगा।“
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।






