पंजाब के लोक निर्माण मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु के गांव भगवानसर और धीरेकोट में आयोजित जन मिलनी कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा आम जनता के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी साझा की।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद परिवार तक सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र परिवार अपने अधिकारों और सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 तथा स्मार्ट राशन कार्ड योजना के तहत 22 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक नए राशन कार्ड बनवाने और मौजूदा राशन कार्डों में नए पात्र सदस्यों के नाम जोड़ने के लिए आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरी तरह पारदर्शी, डिजिटल और भ्रष्टाचार-मुक्त प्रणाली के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक पात्र परिवार को बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के उसका अधिकार प्राप्त होगा।

श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि सरकार द्वारा जारी किए जाने वाले 10 लाख नए राशन कार्डों में से 7 लाख पात्र परिवारों को दिए जाएंगे, जबकि 3 लाख ई-श्रम एवं प्रवासी मजदूरों को भी राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के दायरे में लाया जाएगा। इससे अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया को अत्यंत सरल बनाया गया है। पात्र आवेदक सेवा केंद्रों, कॉमन सर्विस सेंटरों, जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के कार्यालयों अथवा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन जमा होने के बाद प्रत्येक आवेदक को एसएमएस के माध्यम से रसीद प्राप्त होगी तथा वे अपनी आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देख सकेंगे।
लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान डिजिटल सत्यापन, जियो-टैगिंग, टाइम-स्टैम्प तथा सरकारी डाटाबेस के माध्यम से ऑनलाइन जांच की जाएगी, ताकि फर्जी राशन कार्डों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके और केवल पात्र परिवारों को ही योजना का लाभ मिले।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विधवाओं, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों, गंभीर बीमारियों से पीड़ित परिवारों, कच्चे मकानों में रहने वाले तथा कम आय वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक नए पात्र लाभार्थी को 5 किलोग्राम गेहूं के साथ ‘मेरी रसोई पौष्टिक किट’ भी उपलब्ध कराई जाएगी।
श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने सभी पात्र परिवारों से अपील की कि वे 11 अगस्त 2026 तक अपने आवेदन अवश्य जमा कराएं और पंजाब सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद तक सरकारी सुविधाएं पूर्ण पारदर्शिता के साथ पहुंचाना है।
इस अवसर पर गांव भगवानसर और धीरेकोट के सैकड़ों परिवार आम आदमी पार्टी की जनहितैषी नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए। लोक निर्माण मंत्री ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके सहयोग से पंजाब को और अधिक विकसित, समृद्ध एवं रंगला पंजाब बनाने के प्रयासों को नई मजबूती मिलेगी।






