मनोरंजन नौकरी टेक्नोलॉजी योजना ऑटोमोबाइल व्यापार खेल राजनीति बैंकिंग जीवनशैली

पंजाब सरकार द्वारा भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के पवित्र सरोवर की करवाई जाएगी सफाई

On: June 9, 2026 12:59 PM
हमें फॉलो करें:
--विज्ञापन यहां--

भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल में लगभग 17.72 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य जारी – श्री बाल जोगी प्रगट नाथ

भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के सौंदर्यीकरण और विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी l मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के पवित्र सरोवर की सफाई के लिए एक विशेष परियोजना शुरू की जा रही है, जिसके तहत सरोवर की सफाई का कार्य बहुत जल्द आरंभ होने जा रहा है।

इस संबंध में भगवान वाल्मीकि जी तीर्थ स्थल श्राइन बोर्ड की एडवाइजरी बोर्ड के चेयरमैन श्री बाल जोगी प्रगट नाथ ने आज श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा पवित्र सरोवर की सफाई पर 3.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना के तहत सरोवर से गाद निकालना, स्वच्छ रेत डालना तथा अन्य विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और शीघ्र ही सफाई कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्रगट नाथ ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के विकास हेतु 17 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत वाले विकास कार्य पहले ही शुरू किए जा चुके हैं और ये कार्य तेजी से जारी हैं। उन्होंने कहा कि कुल स्वीकृत राशि में से 3.74 करोड़ रुपये पवित्र सरोवर की सफाई एवं पुनरुद्धार पर खर्च किए जाएंगे, जिसमें गाद निकालना, स्वच्छ रेत बिछाना तथा अन्य आवश्यक विकास कार्य शामिल हैं।इसके अतिरिक्त लगभग 2.80 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य मंदिर की पेंटिंग एवं पॉलिशिंग, मंदिर तक जाने वाले मार्ग के स्तंभों की मरम्मत तथा सैंडस्टोन पत्थरों की सिलिकॉन कटिंग का कार्य किया जाएगा। वहीं 2.42 करोड़ रुपये की लागत से संगत हॉल के पत्थरों की मरम्मत, लंगर हॉल, सराय तथा पैनोरमा स्थित हॉल की पेंटिंग का कार्य किया जाएगा।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी की राजासांसी विधानसभा क्षेत्र की प्रभारी सोनिया मान ने कहा कि इस पवित्र स्थल के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी द्वारा दिखाए गए प्रेम, त्याग और जरूरतमंदों की सेवा के मार्ग को अपनाकर एक बेहतर समाज के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आदिकवि भगवान वाल्मीकि जी की अमर रचना महान महाकाव्य रामायण सदैव मानवता को सत्य का मार्ग दिखाती रहेगी।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली यह पहली सरकार है जो समाज के दबे-कुचले और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।

इसके बाद श्री बाल जोगी प्रगट नाथ, सोनिया मान तथा अन्य नेताओं ने पवित्र सरोवर की सफाई शुरू होने से पहले उसके पावन जल को गागरियों में भरकर सुरक्षित रखा, ताकि सफाई कार्य पूरा होने के बाद इस जल को पुनः सरोवर में प्रवाहित किया जा सके।

इस अवसर पर सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल तथा दलित विकास बोर्ड के चेयरमैन विजय दानव ने भी भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया।

इस मौके पर जनरल मैनेजर श्री मधुर भाटिया, श्री पवन दराविंद, श्री शशि गिल, श्री कुमार दर्शन, बाबा नछत्तर नाथ, महंत मनजीत गिर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और नेता उपस्थित थे।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment