लखनऊ : नगर निगम क्षेत्र के जोन-8 स्थित स्काई हिल्टन के सामने प्रस्तावित वेंडिंग जोन के निर्माण को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधियों में भारी नाराजगी व्याप्त है। इस संबंध में नगर विकास मंत्री एवं नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर वेंडिंग जोन के प्रस्ताव को तत्काल निरस्त किए जाने की मांग की गई है।
जिस स्थान पर वेंडिंग जोन विकसि किया जा रहा है, वह लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मुख्य मार्ग के फुटपाथ क्षेत्र में स्थित है। यदि यहां वेंडिंग जोन का निर्माण किया जाता है तो खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के वाहन सड़क पर ही खड़े होंगे, जिससे यातायात बाधित होगा और जाम की स्थिति उत्पन्न होना स्वाभाविक है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि प्रस्तावित स्थल के निकट लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित एक सार्वजनिक पार्क भी स्थित है। यह मार्ग आशियाना चौराहा, खजाना चौराहा एवं बंगला बाजार को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन रहता है। इसी मार्ग से लोकबंधु अस्पताल, अपोलो अस्पताल एवं एसकेडी अस्पताल जाने वाले मरीजों तथा एम्बुलेंसों का लगातार आवागमन होता है। ऐसे में वेंडिंग जोन बनने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
इसी मुद्दे को लेकर स्थानीय नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम मुख्यालय पहुंचा और अपर नगर आयुक्त से मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज कराया। अपर नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रतिनिधिमंडल को मुख्य अभियंता महेश चंद्र वर्मा के पास भेजा, लेकिन मुख्य अभियंता के अन्य कार्यों में व्यस्त होने के कारण उनसे मुलाकात नहीं हो सकी।
इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है तो वे आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। नागरिकों ने चेतावनी दी कि जनहित और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले इस प्रस्ताव के खिलाफ उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।








