पंजाब नितिन : चंडीगढ़ में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सरकारी स्कूल में एक शिक्षक की कथित हरकतों से परेशान छात्रा ने स्कूल जाने से ही मना कर दिया। मां ने जब इसकी वजह पूछी तो बेटी फूट-फूटकर रोने लगी और अपने टीचर की हरकतों के बारे में बताया। मामला सामने आने के बाद परिजनों ने स्कूल पहुंचकर जमकर नाराजगी जताई और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जानकारी अनुसार मामला चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित सरकारी स्कूल का है। परिजनों के अनुसार, कंप्यूटर साइंस का शिक्षक छात्रा को अकेला देखकर उसे आंख मारता था और स्कूल के बाहर मिलने के लिए दबाव बनाता था। आरोप है कि शिक्षक लगातार इस तरह की हरकतें कर रहा था, जिससे छात्रा डरी-सहमी रहने लगी थी। इतना ही नहीं, उस पर पढ़ाई से हटकर दूसरे काम करने का भी दबाव बनाया जा रहा था।
मां के पूछने पर सामने आई पूरी बात
मंगलवार सुबह जब छात्रा ने स्कूल जाने से इनकार कर दिया तो मां को चिंता हुई। उन्होंने बेटी से इसकी वजह पूछी तो वह रोने लगी। मां ने उसे प्यार से समझाकर पूछा तो छात्रा ने शिक्षक की हरकतों के बारे में पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे और प्रिंसिपल व स्टाफ के सामने अपना विरोध जताया।
DEO कार्यालय भेजा गया मामला
स्कूल में हंगामे के बाद प्रशासन ने मामले को आगे की कार्रवाई के लिए सेक्टर-19 स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय भेज दिया है। फिलहाल आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई होने की जानकारी नहीं है। परिजन आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।






