पीएम नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने वाले बयान पर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे घिरे, भाजपा-जद(यू.) का तीखा हमला, माफी की मांग से गरमाई बिहार की सियासत

On: October 27, 2026 8:55 PM
हमें फॉलो करें:

ad copy

बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान ने बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर की गई उनकी टिप्पणियों पर भाजपा और जद(यू.) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नेताओं ने खरगे के बयान को राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से माफी की मांग की। वहीं, जद(यू.) ने नीतीश कुमार पर टिप्पणी करने के खरगे के अधिकार और राजनीतिक हैसियत पर सवाल उठाए हैं।

 दरअसल, विवाद रविवार यानी 25 अक्टूबर को राजधानी पटना स्थित बापू सभागार में आयोजित बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ.श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह के दौरान सामने आया। जहां भाषण में मल्लिकार्जुन खरगे चुनावी धांधली के आरोपों का जिक्र कर रहे थे। इसी बीच भीड़ से आवाज आने के बाद उनकी प्रतिक्रिया ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया। उनके बयान को लेकर भाजपा और जद(यू.) ने कांग्रेस पर हमला बोल दिया। बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को अमर्यादित बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के प्रति इस तरह की भाषा स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की। भाजपा नेताओं ने भी कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और सार्वजनिक भाषा की मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को गांधी परिवार की राजनीतिक रणनीति से जोड़ते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने चुनाव में हार और वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस की आलोचना की। सरावगी का दावा है कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक स्थिति की समीक्षा करनी चाहिए, न कि अपनी विफलताओं का ठीकरा दूसरी पार्टियों पर फोड़ना चाहिए। वहीं, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार के कारण कांग्रेस नेतृत्व हताश है और इसी वजह से आपत्तिजनक बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। नित्यानंद राय ने दावा किया कि जनता ऐसे बयानों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा ने भी मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि चुनावी नतीजों और जनहित के मुद्दों पर बहस करने के बजाए व्यक्तिगत हमले करना उचित नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को राजनीतिक बयानबाजी में शामिल करने पर आपत्ति जताते हुए खरगे और कांग्रेस नेतृत्व से बिना शर्त माफी की मांग की है।

11635

उधर, जद(यू.) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व जद(यू.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को समाजवादी विचारधारा का प्रमुख नेता बताते हुए कहा कि उनके लम्बे राजनीतिक जीवन पर टिप्पणी करने से पूर्व कांग्रेस को अपने राजनीतिक रिकॉर्ड पर विचार करना चाहिए। उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा और कहा कि नीतीश कुमार को किसी के प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। वहीं, जद(यू.) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने सोशल मीडिया प्लेफफॉर्म ’एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए मल्लिकार्जुन खरगे से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई व्यक्तिगत टिप्पणी को सामान्य राजनीतिक आलोचना नहीं माना जा सकता। संजय झा ने कांग्रेस से भी इस मामले में जवाबदेही लेने को कहा है।

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी के बाद भाजपा और जद(यू.) ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए माफी की मांग तेज कर दी है। भाजपा नेताओं ने इसे राजनीतिक मर्यादा का मुद्दा बनाया। जबकि, जद(यू.) ने नीतीश कुमार पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर पलटवार किया। इस पूरे घटनाक्रम ने बिहार में सियासी बयानबाजी को और तेज कर दिया है। हालांकि, नेताओं की ओर से लगाए गए आरोप और राजनीतिक प्रतिक्रियाएं उनके अपने दावे हैं।

बता दें कि, राजधानी पटना स्थित बापू सभागार में रविवार को आयोजित बिहार केसरी के नाम से मशहूर बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ.श्रीकृष्ण सिं😁ह की 139वीं जयंती समारोह में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बोल रहे थे। इसी दौरान समारोह में मौजूद एक व्यक्ति ने खड़े होकर कहा कि ’मोदी कहीं नहीं जायेंगे।’ जवाब में खरगे ने कहा कि ’मोदी का बाप भी जायेगा।’ फिर उस व्यक्ति की कांग्रेसियों ने पिटाई कर समारोह से बाहर कर दिया। इसके बाद मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ बिहार सहित देश के विभिन्न जगहों पर विरोध प्रदर्शन जारी है।

राजधानी पटना में सोमवार को वीचंद पटेल पथ स्थित बिहार भाजपा के प्रदेश कार्यालय के पास बड़ी संख्या में जुटे भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में आयकर गोलंबर होते हुये डाक बंगला चौराहे तक आक्रोश मार्च किया। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुये मल्लिकार्जुन खरगे व राहुल गांधी का पुतला दहन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं के हाथों में कांग्रेस और राहुल गांधी के विरोध से संबंधित नारे लिखी तख्तियां और पोस्टर भी थे। प्रदर्शन में राज्य सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, विधायक रत्नेश कुशवाहा, जनक राम, राम नारायण मंडल, संजय गुप्ता, निशा सिंह, कविता पासवान, निवेदिता सिंह, गायत्री देवी आदि उपस्थित थे।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

फेसबुक से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment