नेशनल (नितिन) : मध्य प्रदेश की संस्कार राजधानी जबलपुर में पंजाब जैसा कांड होते होते बच गया। यहां नशे के खिलाफ मुहिम चलाने वाले पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मंगन सिद्दीकी पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। घटना तालिब साहब चौक के पास की है। यहां पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
सीसीटीवी फुटेज में भाजपा नेता मंगन सिद्दीकी खुद का बचाव करते दिख रहे हैं। हादसे में घायल मंगन सिद्दीकी को विक्टोरिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है। पीड़ित ने बताया कि नशे के इंजेक्शन के खिलाफ हम अभियान चलाया है। जिसके बाद आरोपी को जेल की सजा हुई थी। इसी के चलते मेरे ऊपर हमला हुआ।

बता दें कि 13 अक्टूबर को पंजाब के मानसा में अश्वनी कुमार नामक व्यक्ति ने नशे के खिलाफ अभियान में जुटे परविंदर सिंह झोटा की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद जमकर बवाल हुआ था। आगजनी, तोड़फोड़ से लेकर प्रदर्शन के बाद जमकर हंगामा हुआ था। इसे लेकर पंजाब से लेकर दिल्ली तक सियासत भी गरमाई। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने खुद पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सीबीआई जांच शुरु करवाई। हालांकि इसके बावजूद भी पीड़ित परिवार और इंसाफ कमेटी ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक वे न तो पोस्टमार्टम करवाएंगे और न ही अंतिम संस्कार करेंगे। बता दें कि अभी भी मृतक का शव सिविल अस्पताल के शव गृह में रखा है।









