पंजाब नितिन : पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों के प्रशासनिक फेरबदल के तहत 23 अधिकारियों के तबादलों, पदोन्नति एवं नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। मुख्य न्यायाधीश एवं अन्य न्यायाधीशों के आदेशानुसार जारी सूची में जिला एवं सत्र न्यायाधीशों तथा अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीशों के पदों पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार, लुधियाना में तैनात अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सारू मेहता कौशिक को जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में पदनामित करते हुए प्रिंसिपल जज, फैमिली कोर्ट, लुधियाना नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रिंसिपल जज फैमिली कोर्ट, लुधियाना के पद पर तैनात अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमन कुमार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में तैनात किया गया है।
इसी तरह, लुधियाना में तैनात अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश युक्ति गोयल को एसएएस नगर (मोहाली) में सीबीआई मामलों की विशेष अदालत में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वह डी.के. वाधवा के स्थान पर कार्यभार संभालेंगी, जिन्हें मोहाली में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा जांच किए जाने वाले मामलों की सुनवाई के लिए स्थापित नई विशेष अदालत में तैनात किया गया है।
आदेश के अनुसार, कनवलजीत सिंह बाजवा को तरनतारन में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद से चंडीगढ़ में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। मनजिंदर सिंह को मानसा से बठिंडा में जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं प्रिजाइडिंग ऑफिसर, इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल के पद पर तैनात किया गया है। करुणेश कुमार को बठिंडा से एसएएस नगर में पंजाब राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, हरबंस सिंह लेखी को होशियारपुर से गुरदासपुर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। राजविंदर कौर को अमृतसर में ही जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं प्रिजाइडिंग ऑफिसर, इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल के पद पर पदनामित किया गया है। बलजिंदर सिंह-II को फाजिल्का तथा राकेश कुमार गुप्ता को कपूरथला में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
हाईकोर्ट ने हरिंदर सिद्धू को चंडीगढ़ से मानसा, हरजीत सिंह को पटियाला से बठिंडा तथा राजेश कुमार को बठिंडा से तरनतारन में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में तैनात किया है। डॉ. अजीत अत्री को सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के सेक्रेटरी जनरल के पद पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में पदनामित किया गया है।
अन्य नियुक्तियों में डॉ. हरप्रीत कौर को पठानकोट में प्रिंसिपल जज, फैमिली कोर्ट; जसबीर कौर को इसी अदालत में अतिरिक्त न्यायिक अधिकारी; कुलभूषण कुमार को बठिंडा में दुष्कर्म एवं पॉक्सो मामलों की सुनवाई करने वाली फास्ट ट्रैक विशेष अदालत; तथा हरगुरजीत कौर को मानसा में इसी प्रकार की विशेष अदालत में तैनात किया गया है।
हाईकोर्ट ने एसएएस नगर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के मामलों की विशेष सुनवाई के लिए भी नियुक्तियां की हैं। जगदीप कौर विर्क और प्रशांत वर्मा को इस अधिनियम के तहत मामलों की सुनवाई करने वाली विशेष अदालतों में तैनात किया गया है। वहीं, अमनप्रीत सिंह को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है।


आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को वर्तमान पदभार तत्काल छोड़कर यथाशीघ्र नई नियुक्ति पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। सांसदों एवं विधायकों से संबंधित मामलों की सुनवाई कर रहे अधिकारियों के तबादले की स्थिति में ऐसे मामलों को अगली निर्धारित तारीख से पहले सक्षम न्यायालय को सौंपने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा 9 अक्टूबर, 2026 को जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बलविंदर कुमार-II का तबादला उनके स्वयं के अनुरोध पर किया गया है।










