अमृतसर ( नितिन )। रग्बी इंडिया के दिशा-निर्देशों के तहत तथा रग्बी एसोसिएशन ऑफ पंजाब के सहयोग से रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ अमृतसर द्वारा शनिवार को सीनियर सेकेंडरी रेजिडेंशियल स्कूल फॉर मेरिटोरियस स्टूडेंट्स, अमृतसर में अस्मिता खेलो इंडिया रग्बी महिला टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट में शहर के विभिन्न स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों से लगभग 250 महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रग्बी खेल में अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर रग्बी एसोसिएशन ऑफ पंजाब के सचिव परविंदर कुमार ने बताया कि अस्मिता खेलो इंडिया कार्यक्रम स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल है। इसके माध्यम से देश की महिला खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता के अवसर प्रदान कर उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार किया जा रहा है।
टूर्नामेंट का उद्घाटन प्रिंसिपल सवजीत कौर ने किया
उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने और मेहनत व अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
अंडर-15 वर्ग में सेंट मैरी स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि गोल्डन पंजाब ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गुरु नानक स्कूल और अजीत विद्यालय तीसरे स्थान पर रहे।
अंडर-18 वर्ग में गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल दशमेश नगर ने प्रथम, स्प्रिंग बस स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि सीनियर सेकेंडरी रेजिडेंशियल स्कूल फॉर मेरिटोरियस स्टूडेंट्स और गुरु नानक स्कूल संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
सीनियर वर्ग में अमृतसर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। खालसा कॉलेज फॉर वूमेन ने द्वितीय तथा जीएनडीयू और बीबीके डीएवी कॉलेज फॉर वूमेन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता खिलाड़ियों को आईटीआई कॉलेज के प्रिंसिपल कैप्टन संजीव कुमार ने पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की भावना पैदा करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को हर मुश्किल का डटकर सामना करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सचिव अरविंद कुमार, जीएनडीयू कोच प्रदीप कुमार, शिक्षा विभाग से संदीप कुमार, सुखजीत सिंह, मनिंदर सिंह, कोच जसमीत कौर, परविंदर सिंह, गुरजिंदर सिंह, नदीप कौर, सुखप्रीत कौर, चांद, गुरप्रीत सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, कोच उपस्थित रहे।








