बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार में राजधानी पटना स्थित पूर्व मध्य रेल के अधीन दानापुर रेल मंडल का प्रमुख रेलवे स्टेशन है पटना जंक्शन। जहां पर मोबाइल चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में राजकीय रेल पुलिस यानी जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। पटना जंक्शन स्थित राजकीय रेल थाना की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी के आरोप में 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से 8 स्क्रीनटच मोबाइल और एचपी कंपनी का एक स्लेटी रंग का लैपटॉप बरामद किया गया है।
पटना जंक्शन स्थित राजकीय रेल पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर 2026 को पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 के पश्चिमी छोर पर आरओबी के नीचे मोबाइल चोरी की घटना सामने आई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद राजकीय रेल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने 8 आरोपितों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 8 चोरी के मोबाइल और एचपी कंपनी का एक लैपटॉप बरामद किया गया। बरामद सामान को रेल पुलिस ने जब्त कर लिया है।
मामले को लेकर पटना जंक्शन स्थित राजकीय रेल पुलिस थाना में कांड संख्या 497/26, दिनांक 4 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। रेल पुलिस पूछताछ के जरिये गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई मोबाइल चोरी की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। रेल पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद सभी को जेल भेज दिया जाएगा।











