नई दिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगस्त का आखिरी हफ्ता यानि 25 से 31 अगस्त तक देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश लेकर आने वाला है। पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, वहीं मैदानी और तटीय इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश हो सकती है।
मध्य और उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस हफ़्ते मध्य और उत्तरी क्षेत्रों में ज़ोरदार बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है, जिससे कुछ जगहों पर जलभराव (water logging) की संभावना बढ़ सकती है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। अचानक बाढ़ (Flash flood) का खतरा: लगातार बारिश के कारण मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर के कुछ खास इलाकों में अचानक बाढ़ आने की आशंका है।
पहाड़ी इलाकों या पूर्वोत्तर राज्यों की यात्रा करने वाले लोगों को बहुत सावधान रहने की ज़रूरत है क्योंकि यात्रा में रुकावटें आ सकती हैं। 25 से 31 अगस्त के बीच उत्तराखंड में लगातार बारिश होने का अनुमान है, और महीने के आखिर में खासकर भारी बारिश हो सकती है। जम्मू, कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश होगी।
पूर्वोत्तर क्षेत्र की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होगी, जबकि असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगस्त के आखिर तक बारिश का दौर जारी रहेगा।
तटीय और दक्षिणी प्रायद्वीपीय इलाकों में भी मॉनसून सक्रिय है इसके साथ-साथ तेज़ हवाएं भी चलेंगी। वहीं, कोंकण और गोवा में लगातार बारिश का दौर रहेगा, जबकि तटीय कर्नाटक में महीने के आखिर तक बारिश होती रहेगी। इसके अलावा केरल, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आंधी-तूफान की संभावना है, और कुछ इलाकों में हवा की रफ़्तार 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।







