मनोरंजन नौकरी टेक्नोलॉजी योजना ऑटोमोबाइल व्यापार खेल राजनीति शिक्षा बैंकिंग जीवनशैली अपराध

करारे लड्डू’ खाने वाले हो जाएं सावधान! सेहत विभाग के भी उड़े होश

On: August 25, 2026 3:45 PM
हमें फॉलो करें:
ad copy

अमृतसर ( नितिन ): खट्टे वाले करारे लड्डू खाने वाले हो जाएं सावधान! अमृतसर में सेहत विभाग की टीम ने अमरकोट इलाके में एक ऐसी लड्डू फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है, जहां कथित तौर पर गंदगी के माहौल में लड्डू तैयार किए जा रहे थे। मौके पर गंदे तेल में लड्डू तलते हुए मिले, जबकि आसपास मक्खियां भिनभिना रही थी। लड्डू बनाने वाले कारीगरों के मेडिकल तक नहीं हुए थे। सबसे बड़ी बात यह है कि उक्त यूनिट के पास फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत जरूरी लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन भी नहीं था।

गुप्त सूचना के आधार पर जिला सेहत अधिकारी-कम-डेजिग्नेटेड ऑफिसर अमृतसर डॉ. मनजीत सिंह रटौल ने फूड सेफ्टी ऑफिसर (अमृतसर-2) सिमरनजीत सिंह गिल को शामिल करते हुए एक टीम बनाई और सुंदर नगर में सरप्राइज चेकिंग की। जब टीम लड्डू बनाने की जगह पर पहुंची तो वहां के हालात देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। विभाग के मुताबिक झुग्गी-झोपड़ी जैसे माहौल में गंदे तिरपाल के नीचे लड्डू बनाए जा रहे थे। कारीगर पसीने से भीगे कपड़ों में लड्डू बनाने का काम कर रहे थे। जिस जगह पर खाने-पीने का सामान तैयार किया जा रहा था, वहां साफ-सफाई का कोई खास इंतजाम नहीं दिखा। ऊपर से लड्डू तलने के लिए इस्तेमाल होने वाले तेल की हालत भी बहुत खराब बताई गई। मौके पर मक्खियां भिनभिनाती दिखीं और पता चला कि साफ-सफाई के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। फूड सेफ्टी नियमों के तहत कारीगरों का मेडिकल टेस्ट भी करवाना जरूरी है, लेकिन डिपार्टमेंट के मुताबिक, यहां इस बारे में नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा था।

करारे लड्डू’ बनते थे, फिर होती थी धड़ल्ले से सप्लाई 

डॉ. मनजीत सिंह रटौल ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इस यूनिट में तैयार होने वाले लड्डू कथित तौर पर सिर्फ आस-पास के इलाकों तक ही सीमित नहीं थे, बल्कि अमृतसर जिले के अलग-अलग हिस्सों में भी बड़ी मात्रा में सप्लाई किए जाते थे। विभाग को मिली जानकारी के मुताबिक कई रेहड़ी वाले भी यहां से लड्डू खरीदकर आगे बेचते थे। इस खुलासे के बाद लड्डुओं की सप्लाई चेन भी सवालों के घेरे में आ गई है।

लाइसेंस-रजिस्ट्रेशन के बिना चल रही थी फैक्ट्री! 

डॉ. रटोल के मुताबिक चेकिंग के दौरान पता चला कि फैक्ट्री के पास फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत जरूरी लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नहीं था। विभाग ने फैक्ट्री के दो चालान किए हैं और सख्त कार्रवाई के लिए नोटिस भी जारी किया गया है। टीम ने लड्डू और लड्डू तलने में इस्तेमाल होने वाले तेल के सैंपल भी लिए हैं। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। लैब रिपोर्ट आने के बाद अगर किसी तरह की मिलावट या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राम तीरथ रोड पर भी फूड सेफ्टी टीम ने कड़ी कार्रवाई की 

इस अभियान के तहत फूड सेफ्टी टीम ने राम तीरथ रोड इलाके में अलग-अलग फूड बिजनेस ऑपरेटरों से ब्रेड रस्क, मिक्स्ड मिल्क, पनीर और देसी घी के 5 एनफोर्समेंट सैंपल लिए। इन सैंपल को टेस्टिंग के लिए स्टेट फूड लैब, खरड़ भेजा जाएगा। इसके अलावा गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल वडाला भिट्टावड से मिड-डे मील के 3 सैंपल भी सील किए गए। इनमें गेहूं का आटा, तैयार चावल और राजमा शामिल हैं।

मिलावट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी’ 

डॉ. मनजीत सिंह रटौल ने कहा कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट डिपार्टमेंट के बड़े अधिकारियों को भेज दी गई है और सैंपल की रिपोर्ट मिलने के बाद कानून के मुताबिक और सख्त कार्रवाई की जाएगी। हेल्थ डिपार्टमेंट की इस कार्रवाई के बाद अब सबकी निगाहें लड्डू और तेल के सैंपल की लैब रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगा कि लोगों की सेहत के साथ कितना बड़ा खेल खेला जा रहा था।

हेरिटेज क्लब की कैंटीन में भी गंदगी, चालान कटा 

जिला हेल्थ ऑफिसर डॉ. मनजीत सिंह रटौल ने बताया कि फूड सेफ्टी ऑफिसर सतनाम सिंह के साथ हेरिटेज क्लब की कैंटीन में चेकिंग की गई, इस दौरान वहां गंदगी दिखी, जिसके संबंध में सैनिटेशन चालान काटा गया। इसके अलावा हरी चटनी का सैंपल लिया गया। उन्होंने बताया कि कैंटीन में पानी जमा था और गंदगी भी दिखी। गौरतलब है कि हेरिटेज क्लब में कई मशहूर और नामी लोग आते-जाते हैं, उक्त जगह पर ऐसी गंदगी मिलना प्रशासन की कारगुजारी पर कई सवाल खड़े कर रहा है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment