लुधियाना (नितिन): टिब्बा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते गोपाल नगर चौक में महज 1000 रुपए के लेन-देन को लेकर सरेआम गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाइक सर्विस के बकाया पैसे मांगने पर एक ग्राहक ने अपने 8-10 साथियों को बुलाकर मैकेनिक पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने मैकेनिक को दुकान से बाहर सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर बेरहमी से पीटा और उसकी टी-शर्ट तक फाड़ दी। यह पूरी वारदात मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित की शिकायत पर टिब्बा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मैकेनिक तरुण (निवासी गोपाल नगर) ने बताया कि गोपाल नगर चौक में उसकी बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। बीते 24 अगस्त की सुबह करीब 11:00 बजे एक पुराना ग्राहक अपनी मोटरसाइकिल सर्विस कराने के लिए उसकी दुकान पर देकर गया था। काम पूरा होने के बाद जब ग्राहक बाइक लेने पहुंचा, तो तरुण ने कुल खर्च 3500 रुपए बताया। ग्राहक ने 2500 रुपए दे दिए, लेकिन जब तरुण ने बाकी के 1000 रुपए मांगे, तो वह बहस करने लगा और डाले गए स्पेयर पार्ट्स के बिल को लेकर उलझ पड़ा।
तरुण के समझाने के बावजूद ग्राहक तैश में आ गया और उसने फोन करके अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में 8 से 10 युवक मौके पर पहुंच गए और उन्होंने दुकान के अंदर घुसकर तरुण पर हमला कर दिया। जब पीड़ित जान बचाने के लिए दुकान से बाहर गली की तरफ भागा, तो युवकों ने उसे बीच सड़क पर दौड़ा लिया और लात-घूंसों से जमकर पीटा। मारपीट के दौरान आरोपियों ने पीड़ित की टी-शर्ट तक फाड़ डाली और उसे लहूलुहान कर धमकियां देते हुए फरार हो गए।
गुंडागर्दी की यह पूरी घटना पास ही लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह से 8-10 युवक मैकेनिक के पीछे भागते हैं और सड़क पर उसे घेरकर हमला करते हैं। हमले में घायल मैकेनिक तरुण ने अपना मेडिकल करवाकर थाना टिब्बा की पुलिस को लिखित शिकायत और सीसीटीवी फुटेज सौंप दी है। थाना पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और माहौल खराब करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।










