पंजाब (नितिन): गुरदासपुर के नंगल कोटली मोहल्ले में उस समय दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब एक व्यक्ति को कथित गैंगस्टरों की ओर से फिरौती की धमकियां मिलने के बाद उसके घर पर गोलियां चलाए जाने का मामला सामने आया। रिहायशी इलाके में हुई इस घटना के बाद आसपास के लोगों में भारी डर का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति को कथित तौर पर गैंगस्टरों की ओर से फिरौती की मांग को लेकर धमकियां दी जा रही थीं। इस दौरान धमकी भरी एक ऑडियो भी सामने आई है, जिसमें कथित तौर पर धमकी देने वाला व्यक्ति कहता सुनाई दे रहा है, “तेरे मुंडे नूं दवांगे मार।” इसके बाद घर पर गोलियां चलाए जाने की घटना ने इलाके के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि रिहायशी क्षेत्र में इस तरह गोलियां चलने से किसी भी समय कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद पीड़ित परिवार और मोहल्ला निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों को जल्द काबू करने तथा इलाके में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी की घटना के पीछे कौन लोग हैं और धमकी देने वाले आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।







