राष्ट्रीय ( नितिन ) : तेलंगाना में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के अधिकारियों ने मेदचल-मल्काजगिरि जिले में टीन के शेड से चलाई जा रही एक अवैध पान मसाला और तंबाकू निर्माण इकाई के खातों की जांच से लगभग 160 करोड़ रुपये की जीएसटी और सेस की चोरी का पता लगाने में सफलता हासिल की है।
40 अघोषित पाउच-पैकिंग मशीनें जब्त
सीजीएसटी अधिकारियों ने गत 20 अगस्त को परिसर में छापेमारी की। इस दौरान पान मसाला, तंबाकू और सुगंधित जर्दा के निर्माण व पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली 40 अघोषित पाउच-पैकिंग मशीनें जब्त की गईं। छापेमारी के दौरान इकाई में करीब 56 मजदूर काम करते पाए गए।
76 लाख रुपये मूल्य की पैकिंग सामग्री बरामद
कार्रवाई के दौरान 76 लाख रुपये मूल्य की पैकिंग में तैयार सामग्री सहित लगभग 5,500 किलोग्राम तैयार माल, 2,015 किलोग्राम पान मसाला मिश्रण और 810 किलोग्राम तंबाकू जब्त किया गया। इसके अलावा पैकिंग सामग्री, आपत्तिजनक दस्तावेज और अवैध सामान के परिवहन में इस्तेमाल किए जाने वाले दो वाहनों को भी जब्त किया गया है।
160 करोड़ रुपये कर चोरी का अनुमान
सीजीएसटी अधिकारियों के अनुसार, यह इकाई बिना किसी पंजीकरण के अवैध रूप से चलाई जा रही थी और तैयार उत्पादों को लागू जीएसटी सहित दूसरों करों को चुकाए बगैर ही बाजार में भेजा जा रहा था। इस मामले के मुख्य आरोपी को 21 अगस्त को गिरफ्तार विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि जब्त माल, मशीनरी व मजदूरों की संख्या और जांच के दौरान दर्ज बयानों के आधार पर कर चोरी का अनुमान लगभग 160 करोड़ रुपये लगाया गया है।











