नेशनल डेस्क ( नितिन ): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि सुरक्षा बलों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के समर्थन वाले आतंकी नेटवर्क शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 14 राज्यों में चलाए गए समन्वित अभियान में नेटवर्क से जुड़े 253 लोगों को हिरासत में लिया गया है। गृह मंत्री के मुताबिक, इस कार्रवाई से आतंकी संगठन की हमलों की साजिश को नाकाम किया गया है।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि मोदी सरकार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने इसे आतंकवाद के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का उदाहरण बताया।
14 राज्यों में चलाया गया अभियान
गृह मंत्रालय के मुताबिक 12 अगस्त को राज्य पुलिस बलों के साथ मिलकर रियल-टाइम इंटेलिजेंस साझा करने की व्यवस्था के तहत एक संयुक्त अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई 14 राज्यों में एक साथ की गई। मंत्रालय के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 62, हरियाणा में 52, दिल्ली में 51 और पंजाब में 44 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा राजस्थान में 15, महाराष्ट्र में 8, उत्तराखंड में 5, कर्नाटक, गुजरात और बिहार में 3-3 तथा तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल में 2-2 लोगों को हिरासत में लिया गया।
हथियार और विस्फोटक बरामद
गृह मंत्रालय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान नेटवर्क से जुड़े लोगों के ठिकानों से इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्टल, जिंदा कारतूस और निगरानी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले CCTV कैमरे बरामद किए गए हैं। मंत्रालय के मुताबिक, SBN भारत में ग्रेनेड, IED और पेट्रोल बम हमलों के अलावा टारगेटेड किलिंग जैसी आतंकी गतिविधियों से जुड़ा हुआ था। नेटवर्क पर पुलिस, सुरक्षा बलों और धार्मिक स्थलों की रेकी कराने का भी आरोप है।
लोकल लोगों की मदद से कराई जाती थी रेकी
गृह मंत्रालय के अनुसार, नेटवर्क कथित तौर पर स्थानीय लोगों को पैसे देकर पुलिस और डिफेंस से जुड़े ठिकानों तथा धार्मिक स्थलों की रेकी कराता था। इसके अलावा निगरानी और जासूसी के लिए संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरे लगाने का काम भी कराया जाता था।
80 से ज्यादा FIR दर्ज
गृह मंत्रालय ने कहा कि शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ अब तक 80 से ज्यादा FIR दर्ज की गई हैं और 200 से अधिक गिरफ्तारियां हुई हैं। ताजा अभियान में कुल 253 लोगों को हिरासत में लिया गया है।







