लखनऊ – “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, लखनऊ द्वारा जी-20 रोड, लखनऊ पर 5 कि.मी. साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति की भावना तथा नागरिकों में राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रसारित करना था।
यह आयोजन महानिरीक्षक मीनू चौधरी, भा.पु.से., सीमांत मुख्यालय, लखनऊ के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। रैली को उप-महानिरीक्षक राजेश ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर खाना किया।

साइकिल रैली में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की । प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम, एकता, फिटनेस एवं जन-जागरूकता का संदेश दिया। रैली के दौरान “हर घर तिरंगा” अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए राष्ट्रध्वज के सम्मान और उसकी गरिमा को बनाए रखने का आह्वान भी किया गया।

यह कार्यक्रम ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय समारोहों के क्रम में भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् की ऐतिहासिक विरासत को स्मरण करते हुए राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उप-महानिरीक्षक राजेश ठाकुर, उप-महानिरीक्षक एस. डी. शेरखाने एवं उप-महानिरीक्षक (चिकित्सा) निखिल कुमार प्रसाद सहित सीमांत मुख्यालय, लखनऊ के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

अंत में, सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, लखनऊ द्वारा सभी नागरिकों से “हर घर तिरंगा” अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव एवं समर्पण की भावना को सशक्त बनाने की अपील की गई।









