नेशनल नितिन : भारतीय रेलवे की पुरानी ‘रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन’ (RAC) व्यवस्था जल्द ही खत्म हो सकती है हालांकि इस संबंध में अंतिम फैसला नहीं हुआ है। यात्रियों के आराम को ध्यान में रखते हुए रेलवे इस बात पर विचार कर रहा है कि क्या इस सुविधा को बंद कर दिया जाना चाहिए। एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक ही बर्थ पर दो लोगों को सफर कराने के इस नियम पर सवाल उठ रहे हैं।
क्या है RAC और क्यों उठ रहे हैं सवाल?
आरएसी (RAC) ऐसा ट्रेन टिकट है, जिसमें दो यात्रियों को एक ही बर्थ (यानी साइड लोअर) साझा करनी पड़ती है। हैरानी की बात यह है कि दोनों यात्रियों से पूरा किराया वसूला जाता है, लेकिन बदले में सोने के लिए केवल आधी जगह ही मिलती है। इस मुद्दे पर एक संसदीय समिति ने भी आपत्ति जताई है। समिति का कहना है कि जब यात्री को सोने के लिए पूरी जगह नहीं मिल रही है, तो उससे पूरा किराया लेना किसी भी तरह से सही नहीं है। रेलवे को इस व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए कहा गया है।
RAC की शुरुआत क्यों हुई थी?
जब रेलवे रिजर्वेशन का काम ज्यादातर हाथ से (मैन्युअल) होता था, तब कैंसिलेशन और खाली सीटों को रियल-टाइम में ट्रैक करने का कोई डिजिटल सिस्टम नहीं था। उस दौर में ज्यादा से ज्यादा लोगों को ट्रेन में जगह देने के लिए इस सिस्टम की शुरुआत की गई थी।
RAC टिकट के नियम
सिटिंग कन्फर्म, स्लीपिंग नहीं: RAC टिकट होने पर आपको ट्रेन में बैठने की पक्की जगह तो मिल जाती है, लेकिन सोने के लिए पूरी बर्थ की कोई गारंटी नहीं होती।
बर्थ अपग्रेड होने का मौका: अगर यात्रा से पहले कोई दूसरा यात्री अपना टिकट रद्द कर देता है या ट्रेन छूटने तक नहीं पहुंचता है, तो खाली होने वाली पूरी बर्थ आरएसी यात्रियों को दे दी जाती है।
वेटिंग लिस्ट से प्राथमिकता: टिकट रद्द होने पर वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को कंफर्म सीट देने से पहले, वह सीट आरएसी यात्रियों को आवंटित की जाती है।
यात्रा के दौरान अलॉटमेंट: ट्रेन छूटने के बाद रास्ते में अगर कोई बर्थ खाली होती है, तो नियमों के तहत वह भी आरएसी यात्री को मिल सकती है। अगर कोई पूरी बर्थ खाली नहीं होती, तो आपको अपनी शेयर की हुई बैठने की जगह पर ही पूरा सफर करना पड़ता है।
महिला और पुरुष यात्रियों की परेशानी: कई बार एक ही सीट पर एक पुरुष और महिला यात्री को आरएसी मिलने से असहज स्थिति पैदा हो जाती है। ऐसे मामलों में टिकट परीक्षक (TTE) के लिए दूसरी जगह का इंतजाम करना काफी मुश्किल हो जाता है।
कैंसिलेशन और रिफंड के नियम
ट्रेन के तय प्रस्थान समय से आधा घंटा पहले तक आरएसी टिकट को ऑनलाइन रद्द किया जा सकता है और रिफंड के लिए आवेदन किया जा सकता है। यदि ट्रेन ही पूरी तरह रद्द हो जाती है, तो रिफंड अपने आप आपके खाते में आ जाता है। रिफंड की जाने वाली राशि इस बात पर निर्भर करती है कि टिकट रद्द करते वक्त उसका स्टेटस क्या था और रेलवे के मौजूदा रिफंड नियम क्या कहते हैं।







