उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 के अभ्यर्थियों हेतु परिवहन निगम करेगा अतिरिक्त बसों की व्यवस्था- दयाशंकर सिंह
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 08 जून, 09 जून एवं 10 जून, 2026 को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आयोजित की जा रही है। इस महत्वपूर्ण परीक्षा में 28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के सम्मिलित होने की संभावना है। उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा व्यापक तैयारियाँ करने के निर्देश दिए हैं।
परिवहन मंत्री ने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए उन्होंने निगम के समस्त क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को विशेष निर्देश जारी करने का निर्देश प्रबंध निदेशक को दिया है। मंडल एवं जनपद स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया जाए।
उन्होंने बताया कि प्रमुख बस स्टेशनों पर परीक्षा सहायता डेस्क (Exam Help Desk) स्थापित किए जाएं, जहाँ अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार बसों का अस्थायी रूट डायवर्जन एवं अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाए।
परिवहन मंत्री ने कहा कि अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए पर्याप्त संख्या में बसों, चालकों एवं परिचालकों की व्यवस्था की जाए। सभी चालक एवं परिचालकों को परीक्षार्थियों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं। बसों की उपलब्धता एवं संचालन की निगरानी वीएलटीडी एवं जीपीएस प्रणाली के माध्यम से मुख्यालय एवं क्षेत्रीय स्तर पर रियल टाइम की जाएगी।
सभी बस स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली को सक्रिय रखा जाए तथा साफ-सफाई, पेयजल, प्रसाधन एवं अन्य यात्री सुविधाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध कराई जाए। सभी बसों को तकनीकी रूप से सुचारु एवं सुरक्षित अवस्था में संचालित किया जाए। प्रत्येक बस में अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पेयर व्हील एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध रहे।
निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा मार्गों पर प्रवर्तन दल लगातार सक्रिय रहें। साथ ही सभी डीजल पंपों को 24×7 संचालित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
परिवहन मंत्री ने प्रदेश के सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार एवं परिवहन निगम उनके सुरक्षित, समयबद्ध एवं सुगम आवागमन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें।







