- कई पाठ्यक्रमों में सीटों से कई गुना अधिक आवेदन
- बीए, बीएड स्पेशल एजुकेशन, एमबीए, एलएलएम समेत कई कोर्सों में कड़ी प्रतिस्पर्धा
लखनऊ। डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। नॉन-सीयूईटी स्नातक, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि एक जुलाई है। अंतिम तिथि नजदीक आते ही आवेदन संख्या तेजी से बढ़ी है। अब तक यूजी, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट और पीजी पाठ्यक्रमों में करीब 4058 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। कई पाठ्यक्रमों में एक सीट के पाँच से सात दावेदार दर्ज किए गए हैं।
एलएलएम की 22 सीटों पर 125 आवेदन आए हैं। यानी एक सीट पर करीब 6 दावेदार हैं। बीएड स्पेशल एजुकेशन की 99 सीटों पर 329 आवेदन प्राप्त हुए हैं, यानी एक सीट पर 3 से अधिक अभ्यर्थी मुकाबले में हैं। बीबीए की 41 सीटों के लिए 208 आवेदन आए हैं, यानी एक सीट पर पांच से अधिक दावेदार हैं। बी.फार्मा की 33 सीटों पर 177 आवेदन दर्ज हुए हैं, यानी एक सीट पर पांच अभ्यर्थी हैं। एमए (समाजशास्त्र) की 44 सीटों के लिए 148 आवेदन आए हैं, यानी एक सीट पर 3 दावेदार हैं। इसके अलावा समाजकार्य, हिन्दी, इतिहास व एमसीए में भी डेढ़ ढाई गुने आवेदन आए हैं। वहीं एमबीए की 132 सीटों पर 194 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
-यूजी नॉन सीयूईटी की 764 सीटों पर 2035 अवदेन
-बीपीओ में एक सीट के सात दावेदार
स्नातक स्तर पर बीपीओ की 13 सीटों पर 90 आवेदन आए हैं। एक सीट पर करीब सात अभ्यर्थियों ने प्रवेश के लिए रुचि दिखाई है। बीए में सबसे अधिक 419 आवेदन दर्ज हुए हैं, जबकि 220 सीटें उपलब्ध हैं। यानी एक सीट पर लगभग दो अभ्यर्थी दावेदारी कर रहे हैं। बीकॉम की 66 सीटों के लिए 171, बीएससी (कंप्यूटर साइंस एवं आईटी) की 33 सीटों पर 157, बीकॉम एलएलबी (ऑनर्स) की 66 सीटों पर 143 आवेदन मिले हैं। यूजी सीयूईटी के लिए आवेदन प्रक्रिया एक जुलाई से शुरू होगी।
कुलपति आचार्य संजय सिंह ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि जो छात्र अभी तक आवेदन नहीं कर सके हैं, वे 1 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें। अंतिम तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
“कई पाठ्यक्रमों में अभ्यर्थियों का बढ़ता रुझान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और भरोसे को दर्शाता है। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे अंतिम तिथि एक जुलाई से पहले ऑनलाइन आवेदन अवश्य पूरा कर लें, ताकि उन्हें प्रवेश का अवसर मिल सके।” – आचार्य संजय सिंह, कुलपति












