जालंधर (नितिन): गांव राओवाली में अस्थायी पटाखा मार्कीट लगाने को लेकर पैदा हुए विवाद को सुलझाने के लिए पटाखा कारोबारी और एसोसिएशनें गांव की पंचायत के साथ मिलकर चलने को तैयार हैं। कारोबारियों ने स्पष्ट किया है कि पंचायत सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर जो भी हिदायतें देगी, उनका पूरा पालन किया जाएगा। वे पंचायत को हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार हैं।
पटाखा कारोबारियों ने कहा कि वे गांव की पंचायत, सरपंच और पंचों का पूरा सम्मान करते हैं। उनका पंचायत के किसी भी सदस्य के साथ पैसों का कोई लेनदेन नहीं हुआ है और न ही किसी को कोई मुआवजा दिया गया है। कारोबारियों ने स्पष्ट किया कि पंचायत की ओर से भी उनके सामने पैसों की कोई मांग नहीं रखी गई थी। लेनदेन को लेकर फैलाई जा रही खबरों को उन्होंने गलत बताया है।
कारोबारियों के अनुसार, एसोसिएशनों ने जिस जमीन को किराए पर लिया है, उसका किराया जमीन मालिक को दे दिया गया है। इसके अलावा, जिस किसान ने इस जमीन पर फसल बीजी थी, उसे भी फसल का मुआवजा दिया जा चुका है। कारोबारियों ने कहा कि जमीन मालिक और किसान से संबंधित भुगतान के अलावा पंचायत, सरपंच या पंचों के साथ किसी तरह का आर्थिक लेनदेन नहीं हुआ है।
कारोबारियों का कहना है कि उनका उद्देश्य गांव की पंचायत के साथ टकराव करना नहीं, बल्कि आपसी सहमति से समस्या का समाधान निकालना है। वे चाहते हैं कि पंचायत की चिंताओं को समझते हुए सभी सुरक्षा मापदंडों का पालन किया जाए और ऐसा रास्ता निकाला जाए, जिससे गांव के लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो तथा पटाखा कारोबारियों को भी अपना कारोबार करने का अवसर मिल सके।










